नेपाली फिल्म 'एलिफेन्ट्स इन द फग' ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में जीता ज्यूरी अवार्ड | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

नेपाली फिल्म 'एलिफेन्ट्स इन द फग' ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में जीता ज्यूरी अवार्ड

Date : 24-May-2026

 काठमांडू, 24 मई। नेपाली फिल्म 'एलिफेन्ट्स इन द फग' ने दुनिया के प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल में ‘ज्यूरी प्राइज’ जीतकर इतिहास रच दिया है। निर्देशक अविनाश विक्रम शाह की इस नेपाली फिल्म को कान्स के मुख्य प्रतिस्पर्धा खंड के बाद सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले ‘अन सर्टेन रिगार्ड’ सेक्शन के क्लोजिंग सेरेमनी में यह सम्मान मिला।

इस श्रेणी का मुख्य पुरस्कार ‘अन सर्टेन रिगार्ड प्राइज’ एभ्रिटाइम को मिला, जबकि दूसरा सबसे बड़ा सम्मान ‘ज्यूरी प्राइज’ नेपाली फिल्म एलिफेन्ट्स इन द फग ने अपने नाम किया।

यह फिल्म एक ऐसे परिवार की कहानी पर आधारित है, जो हाथियों के हमले से प्रभावित बस्ती में रहता है। इसमें मां और बेटी के गहरे रिश्ते को संवेदनशील ढंग से दिखाया गया है। फिल्म में यौनिक और लैंगिक अल्पसंख्यक समुदाय का प्रतिनिधित्व किया गया है और खास बात यह है कि उसी समुदाय के लोगों ने इसमें अभिनय भी किया है। पुरस्कार की घोषणा होते ही कलाकारों की टीम ने मंच पर नाचकर अपनी खुशी का इजहार किया। फिल्म की अभिनेत्री पुष्पा थिंग ने अवॉर्ड जीतने के तुरंत बाद निर्देशक अविनाश विक्रम शाह को नेपाल का राष्ट्रीय ध्वज ओढ़ाया।

इससे पहले कान्स में हुए फिल्म प्रीमियर के दौरान भी फिल्म को जबरदस्त सराहना मिली थी। प्रीमियर के दिन ‘साल डुबुसी थिएटर’ दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था। प्रेस स्क्रीनिंग के बाद ही फिल्म की चर्चा इतनी बढ़ गई थी कि दर्शक टिकट खरीदने के लिए उमड़ पड़े थे। फिल्म खत्म होने के बाद दर्शकों ने कलाकारों को ‘स्टैंडिंग ओवेशन’ दिया, जिससे पूरी टीम भावुक हो गई। अभिनेत्री पुष्पा थिंग और निर्माता अनुप पौडेल ने निर्देशक अविनाश को गले लगाकर खुशी साझा की। थिएटर में मौजूद कई कलाकारों की आंखों में खुशी के आंसू देखे गए।

निर्माता अनुप पौडेल ने कहा कि प्रीमियर बेहद शानदार रहा, सभी ने फिल्म को पसंद किया। इतने वर्षों की मेहनत के बाद वहां पहुंचना और स्टैंडिंग ओवेशन मिलना बहुत भावुक कर देने वाला अनुभव था। उनके अनुसार कान्स के दर्शकों ने फिल्म में गैर-पेशेवर कलाकारों के अभिनय को खूब सराहा और लोग सड़कों पर भी फिल्म की चर्चा करते नजर आए। फिल्म में दीपिका यादव, जस्मिन विश्वकर्मा, शान्ति गिरी, गौरी मल्ल, माओत्से गुरूंग, सञ्जय गुप्ता दुरा, महिमा नवबाग और आकांक्षा कार्की समेत कई कलाकारों ने अभिनय किया है।

बॉलीवुड के प्रसिद्ध निर्देशक अनुराग कश्यप ने भी कान्स में फिल्म देखने के बाद इसकी खुलकर प्रशंसा की। फिल्म समीक्षा मंच Letterboxd पर उन्होंने लिखा, “कान्स में अब तक देखा गया यह सबसे बेहतरीन अंतिम दृश्य है। ‘एलिफेन्ट्स इन द फग’ के जरिए नेपाली सिनेमा ने बड़ी छलांग लगाई है।”


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement