Quote :

किसी भी व्यक्ति की वास्तविक स्थिति का ज्ञान उसके आचरण से होता हैं।

International

मॉस्को पर बरसे ड्रोन, कई इमारतें क्षतिग्रस्त

Date : 30-May-2023

 मॉस्को, 30 मई  । यूक्रेन पर रूसी हमले के सवा साल से अधिक बीत जाने के बाद भी घमासान जारी है। अब रूस की राजधानी मॉस्को पर हमला हुआ है। मॉस्को के मेयर ने मंगलवार सुबह ड्रोन हमले के कारण मॉस्को की कई इमारतें क्षतिग्रस्त होने की बात कही है। जवाब में सक्रिय हुई रूसी सेना ने कई ड्रोन मार गिराए हैं।

पिछले वर्ष यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद से दोनों देश एक-दूसरे के प्रति आक्रामक बने हुए हैं। लगातार एक-दूसरे पर हमलों के चलते खासी जनहानि हो रही है। अब मंगलवार सुबह रूस की राजधानी मॉस्को पर ड्रोन हमला हुआ है। वहां ड्रोन बरसने से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गयी हैं।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि मंगलवार सुबह मॉस्को में ड्रोन से हमला किया गया। इस हमले से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और कुछ लोग जख्मी हुए हैं। मेयर के मुताबिक राहत वाली बात ये रही कि इस हमले में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

मेयर ने बताया कि ड्रोन हमले मॉस्को की बहुमंजिली इमारतों को निशाना बनाकर किये गए। हमले में क्षतिग्रस्त हुई दो इमारतों में रह रहे लोगों को बाहर निकाला गया है। शहर की आपातकालीन सेवाओं को चौकन्ना कर दिया गया है। घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोग मौजूद हैं। हमला शहर के दक्षिणी हिस्से में हुआ। जहां कुछ इमारतों से धुआं उठते भी देखा गया। इस कारण लोग घरों से बाहर की ओर भागे और सड़कों पर आ गए। इसके बाद इमारतों में बचे लोगों को आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों ने बाहर निकाला।

हमले को लेकर मॉस्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मॉस्को पर कई ड्रोन से हमला किया गया था, जिन्हें मार गिराया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन से किसने हमला किया था।

जानकारी दी गयी है कि ड्रोन हमले को लेकर रूसी सेना भी सक्रिय हुई है। रूस के बाहरी इलाकों में कई ड्रोन मार गिराए गए हैं। इनकी संख्या चार से दस के बीच बताई जा रही है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement