लियोनेल मेसी कार्यक्रम को लेकर सतद्रु ने पूर्व मंत्री अरूप विश्वास समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई | The Voice TV

Quote :

"अगर आप वो पाना चाहते हैं जो आपने कभी नहीं पाया, तो आपको वो करना होगा जो आपने कभी नहीं किया।" — स्टीव जॉब्स

National

लियोनेल मेसी कार्यक्रम को लेकर सतद्रु ने पूर्व मंत्री अरूप विश्वास समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

Date : 19-May-2026

 कोलकाता, 19 मई । फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के दिसंबर 2025 में साल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित भारत दौरे के कार्यक्रम को बाधित करने के आरोप में कार्यक्रम आयोजक सतद्रु दत्ता ने पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास, पूर्व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार, न्यू अलीपुर की पार्षद जुईन विश्वास तथा आईएएस अधिकारी शांतनु बसु के खिलाफ विधाननगर दक्षिण थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत स्वीकार कर ली गई है, हालांकि अब तक मामले में धाराएं तय नहीं की गई हैं।

सतद्रु दत्ता ने आरोप लगाया कि तत्कालीन खेल मंत्री अरूप विश्वास ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए बड़ी संख्या में अनधिकृत लोगों को मैदान में प्रवेश दिलाया, जिससे कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई। दत्ता के अनुसार, इस अव्यवस्था और धक्का-मुक्की से परेशान होकर मेसी निर्धारित समय से पहले ही कार्यक्रम स्थल छोड़कर हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए, जिससे हजारों दर्शक निराश हो गए।

दत्ता ने दावा किया कि अरूप विश्वास ने उन पर 22 हजार टिकट और मैदान में प्रवेश के लिए एक्सेस कार्ड उपलब्ध कराने का दबाव बनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ज़ेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा वाले कार्यक्रम में पुलिस की ओर से गंभीर लापरवाही बरती गई और लगभग दो सौ से तीन सौ लोग मैदान के भीतर पहुंच गए।

आयोजक के अनुसार, जब मेसी धक्का-मुक्की के बीच कार्यक्रम छोड़कर चले गए, तब कई दर्शक, जो टिकट खरीदने के बावजूद अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक तक नहीं देख सके, उन्होंने स्टेडियम में तोड़फोड़ की।

दत्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मेसी के हवाई अड्डे पहुंचने के बाद तत्कालीन पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार वहां पहुंचे और उन्हें वापस कार्यक्रम स्थल लाने की कोशिश की, लेकिन मेसी ने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद दत्ता को विमान से उतारकर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि वह 38 दिनों तक जेल में रहे और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।

आयोजक ने दावा किया कि इसके बाद हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली में उनकी टीम द्वारा आयोजित मेसी से जुड़े कार्यक्रम बिना किसी अव्यवस्था के सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

वहीं, राज्य में सरकार बदलने के बाद खेल एवं युवा कल्याण मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने मामले की नए सिरे से जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि मामले में भ्रष्टाचार या वित्तीय अनियमितता के प्रमाण मिलते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही टिकट एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जाएगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement