राहुल गांधी के एक साल में सरकार गिरने वाले बयान पर भाजपा हमलावर | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राहुल गांधी के एक साल में सरकार गिरने वाले बयान पर भाजपा हमलावर

Date : 24-May-2026

 नई दिल्ली, 24 मई । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अगले एक वर्ष में मोदी सरकार गिरने वाले बयान पर भारतीय जनता पार्टी हमलावर है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के बयान को देश में अराजकता फैलाने की साजिश बताया।

पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल गांधी का यह बयान देश के खिलाफ कांग्रेस और विपक्षी दलों के तथाकथित टूलकिट एजेंडे की ओर इशारा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को पराजित नहीं कर पा रही है, इसलिए अब देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश की जनता के दिलों से हटाना संभव नहीं है और जनता कांग्रेस की राजनीति को भलीभांति समझती है।

भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी को समझना चाहिए कि यह लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी देश की प्रगति के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं और राहुल गांधी पहले भी कई बड़े दावे कर चुके हैं, लेकिन उनका कोई असर नहीं हुआ। शाहनवाज ने कहा कि इस प्रकार की भाषा देशहित में नहीं है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि कुछ नेता विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करते हुए देश के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने अपनी विचारधारा और पहचान से समझौता कर लिया है।

केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने राहुल गांधी के बयान को महत्वहीन बताते हुए कहा कि राहुल गांधी कब क्या बोलेंगे, यह उनकी पार्टी के लोगों को भी नहीं पता होता।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की अल्पसंख्यक सलाहकार समिति की बैठक में राहुल गांधी ने कहा था कि अगले एक वर्ष में मोदी सरकार गिर जाएगी और देश में बढ़ता आर्थिक असंतोष इसके पीछे बड़ा कारण बनेगा। बैठक में कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने भी मुस्लिम मतदाताओं के बीच पार्टी के कामकाज और संदेश को प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया था।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement