इबोला संकट से निपटने के लिए भारत ने अफ्रीका को भेजी चिकित्सा सहायता की पहली खेप | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

इबोला संकट से निपटने के लिए भारत ने अफ्रीका को भेजी चिकित्सा सहायता की पहली खेप

Date : 24-May-2026

 नई दिल्ली, 24 मई । भारत सरकार ने अफ्रीका में तेजी से फैल रहे इबोला जन स्वास्थ्य आपातकाल से निपटने के लिए मानवीय सहायता के तहत चिकित्सा सामग्री और सुरक्षा किटों की पहली खेप रविवार को रवाना कर दी। यह सहायता अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (अफ्रीका सीडीसी) को भेजी गई है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत उभरते इबोला जन स्वास्थ्य आपातकाल से निपटने में अफ्रीकी देशों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा, “इबोला संकट से निपटने में अफ्रीका का समर्थन करने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

भारत द्वारा भेजी गई इस सहायता में चिकित्सा उपयोग की आवश्यक सामग्री, सुरक्षा उपकरण और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए विशेष सुरक्षा किट शामिल हैं। इन संसाधनों का उपयोग प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा।

अफ्रीका के कई हिस्सों में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग और संसाधनों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे समय में भारत की यह पहल वैश्विक एकजुटता और साझेदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इबोला जैसी संक्रामक बीमारी से निपटने के लिए त्वरित चिकित्सा सहायता, सुरक्षा उपकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग अत्यंत आवश्यक हैं। भारत पहले भी विभिन्न देशों को स्वास्थ्य आपात स्थितियों के दौरान दवाइयां, वैक्सीन और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराता रहा है।

भारत सरकार ने संकेत दिए हैं कि आवश्यकता पड़ने पर आने वाले दिनों में अतिरिक्त सहायता सामग्री भी भेजी जा सकती है, ताकि प्रभावित देशों को राहत और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिल सके।-


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement