वृंदावन की ट्रैफिक व्यवस्था और अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, दिन-रात काम करेंगी विशेष टीमें | The Voice TV

Quote :

"अगर आप वो पाना चाहते हैं जो आपने कभी नहीं पाया, तो आपको वो करना होगा जो आपने कभी नहीं किया।" — स्टीव जॉब्स

National

वृंदावन की ट्रैफिक व्यवस्था और अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, दिन-रात काम करेंगी विशेष टीमें

Date : 09-Jun-2026

 मथुरा, 09 जून । उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में वृंदावन नगर की चरमराती यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और अतिक्रमण की गंभीर समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इस संबंध में मंगलवार को पर्यटन थाना परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा, अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक, एसडीएम राजकुमार चौधरी, सीओ सदर पीपी सिंह और एआरटीओ सहित कई आलाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा सिविल सोसाइटी और जिला प्रशासन द्वारा इस कार्य के लिए गठित की गईं चार टीमों के कोऑर्डिनेटर भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान वृंदावन की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था, अवैध पार्किंग और लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर गहन मंथन किया गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों और तीर्थ पुरोहित महासभा के पदाधिकारियों ने भी प्रशासन के सामने अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। बैठक में अवैध पार्किंग को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सड़कों पर अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को क्रेन या टोइंग मशीन के जरिए उठाकर सीधे निर्धारित यार्ड में ले जाया जाएगा। वाहन स्वामियों को भारी जुर्माना जमा करने के बाद ही अपनी गाड़ी वापस मिल सकेगी।

पत्रकारों से सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने कहा कि वृंदावन धाम में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को सुगम यातायात व्यवस्था देने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सड़कों और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए हमारी विशेष टीमें अब दिन और रात, दोनों शिफ्टों में मुस्तैदी से काम करेंगी। जो लोग सड़कों पर लापरवाही से या अवैध रूप से वाहन पार्क कर जाम का कारण बन रहे हैं, उनके वाहनों को क्रेन से उठाकर सीधे ज़ब्त किया जाएगा और सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी। हमारा लक्ष्य वृंदावन को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराकर एक व्यवस्थित और सुगम माहौल देना है।

प्रशासन की दो टूक, नियम तोड़ा तो खैर नहीं

मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने वीडियो बयान जारी कर साफ कहा कि वृंदावन की महत्ता को देखते हुए यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से बचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि फुटपाथ और मुख्य मार्गों पर अस्थाई या स्थाई अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब बिना किसी रियायत के सीधे कानूनी कदम उठाए जाएंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement