राजस्थान में 11 जून से फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश के आसार, पांच जिलों में लू का अलर्ट | The Voice TV

Quote :

"अगर आप वो पाना चाहते हैं जो आपने कभी नहीं पाया, तो आपको वो करना होगा जो आपने कभी नहीं किया।" — स्टीव जॉब्स

National

राजस्थान में 11 जून से फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश के आसार, पांच जिलों में लू का अलर्ट

Date : 09-Jun-2026

 जयपुर, 09 जून । राजस्थान में एक ओर भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में आंधी और बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 7 जिलों में आंधी-बारिश तथा 5 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में एक बार फिर आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ राहत मिल सकती है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण गर्मी व उमस में बढ़ोतरी हुई। प्री-मानसून गतिविधियों के बावजूद तापमान लगातार बढ़ रहा है। श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बीकानेर सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया।

सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 45.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जिसके साथ यह देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं बाड़मेर, चूरू, जयपुर, कोटा और जोधपुर में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है तथा कुछ स्थानों पर लू चलने के आसार हैं।

उधर, अलवर में सोमवार शाम को हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिनभर की तपिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। वहीं जोधपुर सहित अन्य शहरों में लोग भीषण गर्मी से बचने के लिए विभिन्न उपाय करते रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement