पुडुचेरी में मंत्रिमंडल विस्तार को राष्ट्रपति की मंजूरी, तीन नए मंत्री कल लेंगे शपथ | The Voice TV

Quote :

"अगर आप वो पाना चाहते हैं जो आपने कभी नहीं पाया, तो आपको वो करना होगा जो आपने कभी नहीं किया।" — स्टीव जॉब्स

National

पुडुचेरी में मंत्रिमंडल विस्तार को राष्ट्रपति की मंजूरी, तीन नए मंत्री कल लेंगे शपथ

Date : 09-Jun-2026

 पुडुचेरी, 09 जून । केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में लंबे समय से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने तीन नए मंत्रियों की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके बाद 10 जून (बुधवार) को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।

पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने के बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाओं का दौर जारी था। विधानसभा चुनाव में गठबंधन को बहुमत मिलने के बाद मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने 13 मई को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। उनके साथ भाजपा नेता एन. नमसिवायम और अखिल भारतीय एनआर कांग्रेस के नेता मल्लाडी कृष्णाराव को मंत्री बनाया गया था। हालांकि उस समय मंत्रिपरिषद का पूर्ण गठन नहीं हो पाया था, जिसके कारण मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चाएं होती रहीं।

मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री रंगासामी ने 3 जून को पुडुचेरी के उपराज्यपाल कैलाशनाथन से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने नए मंत्रियों के नामों की सूची सौंपते हुए विस्तार को मंजूरी देने का अनुरोध किया था।

प्रस्तावित सूची में एनआर कांग्रेस के नेता राजावेलु और शिवक्कोजुंदु के साथ भाजपा विधायक जी.एन.एस. राजशेखरन के नाम शामिल थे। मुख्यमंत्री ने इन तीनों नेताओं को मंत्रिपरिषद में शामिल करने की सिफारिश की थी। इसके बाद संवैधानिक और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए प्रस्ताव को केंद्र सरकार के माध्यम से राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा गया।

हालांकि कुछ प्रशासनिक कारणों और आवश्यक प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं के चलते मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया में कुछ दिनों की देरी हुई। बताया गया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आधिकारिक कार्यक्रमों और फाइलों के निस्तारण में लगने वाले समय के कारण शपथ ग्रहण कार्यक्रम को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा था।

राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद अब तीनों नेताओं के मंत्री पद की शपथ लेने का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को आयोजित होने वाले समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री रंगासामी नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर सकते हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement