एप्पल ने लॉन्च किया Siri AI, पहले से ज्यादा स्मार्ट और सक्षम होगा असिस्टेंट | The Voice TV

Quote :

"जो अपने विचारों को नहीं बदल सकते, वे कुछ भी नहीं बदल सकते।" — जॉर्ज बर्नार्ड शॉ

Science & Technology

एप्पल ने लॉन्च किया Siri AI, पहले से ज्यादा स्मार्ट और सक्षम होगा असिस्टेंट

Date : 09-Jun-2026

 एप्पल ने अपने वार्षिक वर्ल्डवाइड डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस (डब्ल्यूडब्ल्यूडीसी) 2026 में आगामी सॉफ्टवेयर संस्करणों की घोषणा करते हुए अगली पीढ़ी के Apple Intelligence और नए Siri AI को पेश किया। कंपनी के अनुसार, नया Siri पहले की तुलना में अधिक बुद्धिमान, जानकार और सक्षम होगा।

एप्पल ने बताया कि iOS 27, iPadOS 27, macOS 27, watchOS 27, visionOS 27 और tvOS 27 के साथ उपयोगकर्ताओं को बेहतर प्रदर्शन, नया डिजाइन और अधिक सहज अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही बच्चों की डिजिटल सुरक्षा के लिए नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स भी जोड़े गए हैं।

एप्पल के सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष क्रेग फेडेरिघी ने सम्मेलन में कहा, “एप्पल उत्पाद लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इस वर्ष हम उपयोगकर्ताओं को और अधिक सक्षम बनाने के लिए नई शक्तिशाली सुविधाएं ला रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हम अपने सभी प्लेटफॉर्म पर Apple Intelligence की अगली पीढ़ी पेश कर रहे हैं। साथ ही Siri AI को अधिक बुद्धिमान, जानकार और सक्षम बनाया गया है। परिवारों के लिए नए सुरक्षा उपकरण और सॉफ्टवेयर को पहले से अधिक तेज, भरोसेमंद और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया गया है।”

कंपनी के अनुसार, Apple Intelligence की नई संरचना उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता को सुरक्षित रखने के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है। इसी तकनीक के आधार पर नया Siri AI काम करेगा।

नया Siri AI उपयोगकर्ता की स्क्रीन पर मौजूद सामग्री से जुड़े सवालों का जवाब दे सकेगा, व्यक्तिगत संदर्भ को समझते हुए विभिन्न ऐप्स में जानकारी खोज सकेगा और इंटरनेट से ताजा जानकारी प्राप्त कर उपयोगी उत्तर तैयार करेगा।

इसके अलावा Apple Intelligence की नई क्षमताएं फोटो एडिटिंग, सफारी में कई टैब्स के बीच ब्राउजिंग, इमेज प्लेग्राउंड के जरिए रचनात्मक कार्य, मैसेज और मेल में बेहतर संवाद जैसी सुविधाओं को भी और उन्नत बनाएंगी।

बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एप्पल ने नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स भी पेश किए हैं। कंपनी ने कहा कि अब माता-पिता आसानी से तय कर सकेंगे कि बच्चे कौन-से ऐप्स इस्तेमाल कर सकते हैं, किन लोगों से संपर्क कर सकते हैं और उन्हें ऐप्स तक कब पहुंच मिलेगी।

नए ‘चाइल्ड अकाउंट’ सेटअप के जरिए अभिभावक आयु के अनुरूप सुरक्षा सुविधाएं सक्रिय कर सकेंगे। साथ ही वे यह भी नियंत्रित कर पाएंगे कि समय के साथ कौन-से नए ऐप्स बच्चों के लिए उपलब्ध हों।

कम्युनिकेशन सेफ्टी फीचर के तहत बच्चों के हर नए संपर्क को जोड़ने से पहले माता-पिता की अनुमति आवश्यक होगी। यदि किसी बातचीत में आपत्तिजनक या हिंसक सामग्री साझा की जाती है तो सिस्टम स्वतः हस्तक्षेप करेगा।

एप्पल वॉच के लिए भी कई नए फीचर्स पेश किए गए हैं। इनमें पांच Siri-सुझावित ऐप्स वाले नए डायनामिक ऐप ग्रिड, स्मार्ट स्टैक में नए टैप जेस्चर और एकीकृत ‘फाइंड माई’ ऐप शामिल हैं, जिसमें डिवाइस, वस्तुएं और लोगों को खोजने की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी।

कंपनी ने बताया कि नए फीचर्स डेवलपर प्रोग्राम के तहत परीक्षण के लिए आज से उपलब्ध हैं, जबकि सार्वजनिक बीटा संस्करण अगले महीने जारी किया जाएगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement