कंबोडिया पहुंचे राजनाथ, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका व न्यूजीलैंड के रक्षामंत्रियों से मिले | The Voice TV

Quote :

"अगर आप वो पाना चाहते हैं जो आपने कभी नहीं पाया, तो आपको वो करना होगा जो आपने कभी नहीं किया।"— विवेक बिंद्रा

International

कंबोडिया पहुंचे राजनाथ, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका व न्यूजीलैंड के रक्षामंत्रियों से मिले

Date : 22-Nov-2022

 नामपेन्ह, 22 नवंबर (हि.स.)। भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कंबोडिया पहुंच गए हैं। वहां उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस, अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड जे. ऑस्टिन तृतीय और न्यूजीलैंड के रक्षा मंत्री पीनी हेनरे से मुलाकात भी की है।

कंबोडिया के सिएम रीप में भारत एवं आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक 22 और 23 नवंबर को आयोजित हो रही है। इस बैठक में भाग लेने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सिएम रीप पहुंच गए हैं। सिएम रीप पहुंचे राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ताओं का सिलसिला भी शुरू कर दिया है। सबसे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के उपप्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस से द्विपक्षीय संवाद किया। राजनाथ एवं मॉर्लेस ने रक्षा संबंधों को बढ़ाने पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए अन्य अहम मसलों पर भी आगे बढ़ने की बात कही। इसके बाद भारतीय रक्षा मंत्री ने अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड जे. ऑस्टिन तृतीय से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया। राजनाथ सिंह और न्यूजीलैंड के रक्षा मंत्री पीनी हेनरे के बीच भी गर्मजोशी के साथ मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच रक्षा संबंधों को नई दिशा देने का संकल्प व्यक्त किया।

दस देश इंडोनेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, लाओस, ब्रुनेई, फिलीपींस, सिंगापुर, कंबोडिया, मलेशिया और म्यांमार आसियान के सदस्य हैं। आसियान से भारत के संवाद संबंध 1992 में क्षेत्रीय साझेदारी की स्थापना के साथ शुरू हुए थे। दिसंबर 1995 में पूर्ण संवाद साझेदारी 2002 में शिखर स्तर की साझेदारी में परिवर्तित हुए। इन्हें 2012 में संबंधों के एक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया गया था। 2017 से आसियान के रक्षा मंत्री सहयोग पर चर्चा करने के लिए सालाना बैठक कर रहे हैं। इसमें भारत भी शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव मिश्र


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement