Quote :

"लक्ष्य निर्धारित करना अदृश्य को दृश्य में बदलने का पहला कदम है" -टोनी रॉबिंस

National

मोदी सरकार ने दिया आधी आबादी को उनका हक़: अनुराग ठाकुर

Date : 20-Apr-2024

 नई दिल्ली, 20 अप्रैल । केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि मोदी सरकार ने महिला सशक्तीकरण से आगे बढ़ते हुए भारत में "वूमेन लेड डेवलपमेंट" का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाना और महिलाओं को देश की विधायिकाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देना इसके बेहतरीन उदाहरण हैं। अनुराग ठाकुर ने ये बातें शनिवार को अपने हिमाचल प्रदेश प्रवास के दौरान सुजानपुर और भोरंज विधानसभा में आयोजित महिला मोर्चा व एससी मोर्चा सम्मेलनों में कहीं।


इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि महिलाएं विकसित भारत के चार अमृत स्तंभों में एक जरूरी स्तंभ हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मोदी सरकार ने पिछले 10 साल में 25 से भी अधिक योजनाओं की शुरुआत की है, जिससे 20 करोड़ से भी ज्यादा महिलाओं, 5 करोड़ से ज्यादा छात्राओं और 11 करोड़ से ज्यादा कामकाजी महिलाओं को लाभ पहुंचा है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री-जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) ने अब तक देश भर में 30 करोड़ आयुष्मान कार्ड बना है। इसमें से महिलाओं के लिए लगभग 14.6 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जो 4 करोड़ घर दिये गए हैं, उसमें 70 प्रतिशत घर की मालकिन या संयुक्त मालकिन महिलाएं हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत खोले गए बैंक खातों की संख्या 51 करोड़ के पार पहुंच गई है। इन खातों में जमा राशि 2.08 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इन खातों में से 56 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं और 67 प्रतिशत खाते ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खोले गए हैं। आज बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभाव से बेटे के जन्म लेने की तुलना में बेटियों की संख्या बढ़ रही है। बेटियों की शिक्षा व करियर से लेकर शादी-विवाह तक की आर्थिक योजना बनाने में डाक विभाग की सुकन्या समृद्धि योजना बेहद मददगार है। हर वर्ष 33 लाख सुकन्या समृद्धि खाता खोला जाता है। अब तक तीन करोड़ सात लाख खाते खोले गए हैं।

अनुराग ठाकुर ने आगे अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के विकास के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि किसने सोचा था कि एक ही संसदीय क्षेत्र में एम्स भी होगा, पीजीआई भी होगा, दो-दो मेडिकल कॉलेज भी होंगे, केंद्रीय विद्यालय भी होंगे, केंद्रीय विश्वविद्यालय भी होगा, ट्रिपल आईटी भी होगा, एनआईटी भी होगा, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भी होगा, हर जिले में फोरलेन हाइवे होगा, वंदे भारत ट्रेन होगी। यह सब सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में संभव हो पाया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि 4 तारीख को जब रिजल्ट आएंगे, तब देश में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी। हिमाचल प्रदेश में फिर से डबल इंजन की सरकार दौड़ेगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज इंडी अलायंस में सबसे ज्यादा ठग एकत्रित हुए हैं। इन सबों के ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। इनके कई नेता या तो जेल में हैं या फिर बेल पर बाहर हैं। ये लोग कहते हैं कि भाजपा तीसरी बार आएगी तो संविधान खतरे में चला जाएगा। असल बात यह है कि तीसरी बार जब मोदी सरकार आएगी तो भ्रष्टाचारी खत्म हो जाएंगे। मोदी के तीसरे कार्यकाल में हम देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे और 2047 तक हमारा भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा।

 

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement