यूक्रेन की राजधानी कीव में फिर तेज धमाके | The Voice TV

Quote :

"सकारात्मक सोच ही सफलता की पहली सीढ़ी है।"

International

यूक्रेन की राजधानी कीव में फिर तेज धमाके

Date : 19-Dec-2022

 कीव (यूक्रेन), 19 दिसंबर (हि.स.)। यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के क्षेत्र में सोमवार तड़के जोरदार धमाकों की आवाज से लोग दहल गए। इससे पहले कीव क्षेत्र के गवर्नर ओलेक्सी कुलेबा ने ड्रोन हमलों की आशंका जताई थी। 

उल्लेखनीय है कि इससे पहले यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर किए गए रूसी मिसाइल हमलों की वजह से यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में घंटों बिजली गल रही थी। शुक्रवार को रूसी सेना की तरफ से 70 से ज्यादा मिसाइलें दागी गई थीं और ड्रोन हमले किए गए थे। इन हमलों में कम से कम नौ बिजली संयंत्रों को नुकसान पहुंचा था और तीन लोगों की मौत हो गई थी। 

रूसी हमलों के बाद देश के बड़े हिस्से में बिजली गुल है। यूक्रेन ठंड से कांप रहा है। बहुमंजिली इमारतों में रहने वाले लोग घर छोड़कर वर्षा-बर्फबारी के बीच सुरंगों, बेसमेंट अन्य सुरक्षित स्थानों पर रात गुजार रहे हैं। शुक्रवार को हुए रूस के मिसाइल हमलों ने यूक्रेन की स्थिति और खराब कर दी है। राजधानी कीव में 60 प्रतिशत से ज्यादा आबादी बिजली-पानी से वंचित है।

इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने सैन्य कमांडरों से बातचीत की है। पुतिन ने युद्ध और उससे पैदा हुई वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की है। इस बैठक में यूक्रेन में रूसी सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर सर्गेई सुरोविकिन ने भी हिस्सा लिया। माना जा रहा है कि ठंड के मौसम में यूक्रेन में रूस के हवाई हमले और बढ़ेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement