पाकिस्तानी जनता को भड़काने के आरोपित सेवानिवृत्त जनरल की रिहाई के आदेश | The Voice TV

Quote :

"जिन्दगी के लक्ष्य में प्राप्ती करते समय सिर्फ 2 सोच रखनी चाहिए, अगर रास्ता मिल गया तो ठीक, नहीं तो रास्ता में खुद बना लूँगा।"

International

पाकिस्तानी जनता को भड़काने के आरोपित सेवानिवृत्त जनरल की रिहाई के आदेश

Date : 03-Mar-2023

 इस्लामाबाद, 02 मार्च (हि.स.)। पाकिस्तान की जनता को राष्ट्रीय संस्थानों के खिलाफ भड़काने के आरोप में गिरफ्तार सेना के सेवानिवृत्त जनरल की तत्काल रिहाई का आदेश गुरुवार को एक अदालत ने जारी किया। साथ ही कोर्ट ने उनके खिलाफ लगे आरोप भी खारिज कर दिए।

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अमजद शोएब को इस्लामाबाद पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया था। शोएब को एक अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था।

रिमांड अवधि पूरी होने पर शोएब को जिला एवं सत्र अदालत के समक्ष पेश किया गया। उनके वकील मियां अशफाक ने मामले को फर्जी करार देते हुए दलील दी कि आरोपी ने टीवी पर बहस के दौरान किसी समुदाय को निशाना नहीं बनाया।

वकील ने आगे कहा कि टीवी कार्यक्रम देर रात 11 बजे समाप्त हो गया था और अगले दिन कोई भी सैन्य कर्मी या सरकारी अधिकारी शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आया।

अपने बयान को स्पष्ट करने के लिए अदालत की ओर से पूछे जाने पर शोएब ने कहा कि वह इतिहास के संदर्भ में बात कर रहे थे, न कि लोगों को विद्रोह के लिए उकसा रहे थे।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने शोएब के खिलाफ आरोप खारिज करते हुए उन्हें तत्काल पुलिस हिरासत से रिहा करने का आदेश दिया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement