शाही अंदाज़ में होगी रश्मिका मंदाना–विजय देवरकोंडा की शादी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

Art & Music

शाही अंदाज़ में होगी रश्मिका मंदाना–विजय देवरकोंडा की शादी

Date : 23-Feb-2026

 उदयपुर, 23 फ़रवरी । दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित कलाकार रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा राजस्थान की मशहूर लेकसिटी उदयपुर में सोमवार को पहुंचे जहां यह युगल 26 फरवरी को सात फेरे लेगा।

यह चर्चित युगल उदयपुर-नाथद्वारा राजमार्ग स्थित कैलाशपुरी में बने लग्जरी होटल आईटीसी मोमेंटोज में आयोजित राजसी थीम पर आधारित एक भव्य समारोह में परिणय सूत्र में बंधेगा। होटल की बुकिंग 24 से 26 फरवरी तक के लिए की गई है। शादी समारोह में लगभग 230 विशेष अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। मेहमान 24 फरवरी को होटल में चेक-इन करेंगे, जबकि मुख्य वैवाहिक कार्यक्रम 26 फरवरी को होगा।

जानकारी के अनुसार, यह विवाह समारोह बेहद निजी रखा गया है। इसमें दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी मित्र ही शामिल होंगे। शादी में “नो फोन पॉलिसी” लागू रहेगी, ताकि समारोह की तस्वीरें या वीडियो सार्वजनिक न हों। सुरक्षा के लिए एक बड़ी सिक्योरिटी एजेंसी को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बताया गया है कि शादी में दिल्ली का एक लोकप्रिय बैंड की शानदार प्रस्तुति देगा, जो पहले भी कई सेलिब्रिटी शादियों में प्रस्तुति दे चुका है। विवाह समारोह के आयोजन की जिम्मेदारी हैदराबाद के एक प्रतिष्ठित पेशेवर को दी गई है, जिन्होंने पूर्व में एक मशहूर टेनिस खिलाड़ी की शादी का आयोजन भी संभाला था।

शादी के बाद 3 और 4 मार्च को हैदराबाद में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम हैदराबाद या बंजारा हिल्स की किसी प्रीमियम लोकेशन पर होने की चर्चा है, जहां फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हो सकती हैं।

रविवार को इस युगल को हैदराबाद एयरपोर्ट पर भी देखा गया था। रश्मिका मंदाना माथे पर टीका लगाए नजर आईं। उन्होंने मास्क और डार्क ग्लासेस से चेहरा ढका हुआ था। वहीं विजय देवरकोंडा भी लगभग उसी समय एयरपोर्ट पर दिखाई दिये, जिन्होंने मास्क और चश्मे से चेहरा कवर किया हुआ था।

गौरतलब है कि रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 3 अक्टूबर को हैदराबाद में एक निजी समारोह में सगाई की थी। इस कार्यक्रम में परिवार के चुनिंदा सदस्य ही शामिल हुए थे। इसके बाद रश्मिका को कई मौकों पर सगाई की अंगूठी के साथ देखा गया, जिससे शादी की अटकलें तेज हो गई थीं।

उदयपुर पहले भी कई फिल्मी और उद्योग जगत की शादियों का साक्षी रहा है। अब रश्मिका-विजय की शादी के साथ एक बार फिर लेकसिटी सुर्खियों में है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement