'द नर्मदा स्टोरी' की सफलता के लिए महाकाल की शरण में पहुंचे रघुवीर यादव | The Voice TV

Quote :

"जो लोग अपनी सोच नहीं बदल सकते, वे कुछ भी नहीं बदल सकते।" — जॉर्ज बर्नार्ड शॉ

Art & Music

'द नर्मदा स्टोरी' की सफलता के लिए महाकाल की शरण में पहुंचे रघुवीर यादव

Date : 04-Jun-2026

 आगामी हिंदी फिल्म 'द नर्मदा स्टोरी' की सफलता की कामना लेकर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता रघुवीर यादव गुरुवार को उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। उनके साथ फिल्म के अभिनेता शरद सिंह भी मौजूद रहे। दोनों कलाकारों ने श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में विधिवत पूजा-अर्चना कर फिल्म की सफलता और दर्शकों के स्नेह की कामना की। इस दौरान उन्होंने फिल्म के सामाजिक संदेश और मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित इसकी कहानी को लेकर अपनी उत्सुकता भी व्यक्त की।

निर्देशक ज़ैगम इमाम के निर्देशन में बनी 'द नर्मदा स्टोरी' एक भावनात्मक क्राइम ड्रामा है, जो एक आदिवासी मां के संघर्ष और साहस की कहानी को पर्दे पर उतारती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक मां अपनी बेटी को अपराधियों के चंगुल से बचाने के लिए हर मुश्किल का सामना करती है। उसके संघर्ष में महिला सब-इंस्पेक्टर नर्मदा रैकवार उसका साथ देती है, जिसका किरदार आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद ने निभाया है। फिल्म महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और पुलिस व्यवस्था में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।

फिल्म की शूटिंग मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम और आसपास के क्षेत्रों में की गई है, जिससे स्थानीय संस्कृति, प्रकृति और जनजीवन को प्रामाणिक रूप से दर्शाया जा सके। रघुवीर यादव ने महाकाल दर्शन के बाद कहा कि यह फिल्म मध्य प्रदेश की मिट्टी और यहां के लोगों के संघर्षों की कहानी है, जिसे पूरी ईमानदारी से बनाया गया है। वहीं शरद सिंह ने इसे अपने राज्य की पृष्ठभूमि पर बनी प्रेरणादायक फिल्म बताते हुए कहा कि यह साहस, न्याय और महिला सशक्तिकरण का संदेश देती है। फिल्म में रघुवीर यादव, मुकेश तिवारी, शरद सिंह और इश्तियाक खान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload