अभिनेता दिलजीत दोसांझ और निर्देशक इम्तियाज अली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को काफी पसंद आया था और अब इसका नया गीत 'इश्क मस्ताना' भी जारी कर दिया गया है। गाने में वेदांग रैना और शरवरी वाघ की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिल रही है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
साल 1947 के भारत-विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में वेदांग रैना दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के युवा किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी इतिहास, भावनाओं और मानवीय रिश्तों के ताने-बाने को बड़े पर्दे पर पेश करती है, जिसके चलते इसे लेकर दर्शकों में खास उत्सुकता बनी हुई है।
'इश्क मस्ताना' गीत को मोहित चौहान ने अपनी आवाज दी है। उनके साथ नरगिस तेजी और पूजा तिवारी ने भी स्वर मिलाए हैं। गीत के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं, जबकि संगीत का जादू एआर रहमान ने बिखेरा है। मधुर धुन और भावनात्मक बोलों के कारण यह गीत श्रोताओं के दिलों को छू रहा है।
फिल्म आगामी 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर 'भारत भाग्य विधाता' से होगी, जिसमें कंगना रनौत मुख्य भूमिका में हैं। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच होने वाला मुकाबला दर्शकों और फिल्म कारोबारियों के लिए खास दिलचस्पी का विषय बना हुआ है।
