गर्मी में राहत पाने के लिए ट्राई करें ये 3 रायता रेसिपी, शेफ कुणाल कपूर ने शेयर किए फ्रेश और हेल्दी टिप्स | The Voice TV

Quote :

"जिस व्यक्ति ने कभी कोई गलती नहीं की, उसने कभी कुछ नया करने की कोशिश नहीं की।" — अल्बर्ट आइंस्टीन

Health & Food

गर्मी में राहत पाने के लिए ट्राई करें ये 3 रायता रेसिपी, शेफ कुणाल कपूर ने शेयर किए फ्रेश और हेल्दी टिप्स

Date : 02-Jun-2026

 गर्मियों में लोग हल्का, ठंडक देने वाला और आसानी से पचने वाला खाना पसंद करते हैं, क्योंकि ज्यादा मसालेदार और भारी खाना शरीर को थका हुआ महसूस करा सकता है. ऐसे मौसम में रायता खाने का टेस्ट बढ़ाने के साथ-साथ शरीर को ठंडक पहुंचाने का भी काम करता है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन को बेहतर बनाते हैं, जबकि खीरा, पुदीना, टमाटर और मसालों जैसी चीजें इसे और हेल्दी बना देती हैं. मशहूर शेफ Kunal Kapur के अनुसार, रायता गर्मियों के खाने का सबसे जरूरी हिस्सा है, क्योंकि यह मसालेदार खाने को बैलेंस करता है और खाने को हल्का महसूस कराता है. उन्होंने खीरा रायता, बूंदी रायता और टमाटर-नारियल रायता जैसी आसान और टेस्टी रेसिपी शेयर की हैं, जिन्हें घर पर जल्दी बनाकर गर्मी में ताजगी और टेस्ट दोनों का आनंद लिया जा सकता है.

गर्मियों में खीरा सबसे ज्यादा खाया जाता है क्योंकि इसमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है. खीरे का रायता खाने से शरीर हाइड्रेट रहता है और पेट भी हल्का महसूस करता है. इसमें कसूरी मेथी और भुना जीरा डालने से इसका टेस्ट और भी बढ़ जाता है.

इसे बनाने के लिए सबसे पहले कसूरी मेथी को पानी में भिगोकर कुछ देर के लिए रख दें, इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें हींग डालें. अब भीगी हुई कसूरी मेथी का पानी निकालकर उसे तेल में हल्का सा भून लें. एक बड़े बर्तन में दही लें और उसमें भुनी हुई मेथी डालें फिर हरी मिर्च, काला नमक, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर और भुना जीरा मिलाएं. अब खीरे को कद्दूकस करके इसमें डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर ठंडा होने दें. ऊपर से पुदीना और खीरे के टुकड़ों से सजाकर सर्व करें. यह शरीर को ठंडक देता है. पाचन सुधारता है और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है.
 
अगर घर में जल्दी कुछ टेस्टी बनाना हो, तो बूंदी रायता सबसे आसान ऑप्शन है. यह मसालेदार खाने के साथ बहुत अच्छा लगता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है.
 
इसे बनाने के लिए एक बड़े बाउल में दही लें और उसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर और पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अब एक छोटे पैन में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा और हींग डालें. जब जीरा चटकने लगे, तब इस तड़के को दही में मिला दें. इसके बाद बूंदी और हरा धनिया डालकर सब कुछ अच्छे से मिक्स करें. कुछ मिनट के लिए रख दें ताकि बूंदी हल्की नरम हो जाए. ठंडा-ठंडा बूंदी रायता खाने के साथ परोसें.
 
अगर आप रोज एक जैसा रायता खाकर बोर हो गए हैं, तो यह टमाटर और नारियल वाला रायता जरूर ट्राई करें. इसमें दक्षिण भारतीय स्वाद का हल्का टच मिलता है, जो इसे बेहद खास बनाता है.
 
इसे बनाने के लिए सबसे पहले टमाटर को बारीक काट लें फिर एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें हींग, राई, सूखी लाल मिर्च, उड़द दाल और चना दाल डालें. इसके बाद करी पत्ता डालकर कुछ सेकंड भूनें. अब कटे हुए टमाटर और नमक डालकर उन्हें नरम होने तक पकाएं, दूसरी तरफ मिक्सर में नारियल, जीरा, हरी मिर्च और थोड़ा पानी डालकर चिकना पेस्ट बना लें. एक बड़े बर्तन में दही लें और उसमें टमाटर का मिश्रण और नारियल का पेस्ट डालें. अच्छी तरह मिलाकर ऊपर से हरा धनिया डालें. ठंडा करके सर्व करें.

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement