गर्मियों में पारा लगातार बढ़ता जा रहा है. तेज धूप और उमस पसीने के रूप में हमारे शरीर से सारा पानी सोख लेती है. ऐसे में सिर्फ पानी पीना काफी नहीं होता. शरीर को इलेक्ट्रोलाइट्स और ठंडक की भी जरूरत होती है. भारत के कुछ इलाकों में गर्मियों से निपटने के लिए दो ड्रिंक्स बहुत मशहूर हैं—सोल कढ़ी और कोकम शरबत.
दोनों ही ड्रिंक्स 'कोकम' फल से बनते हैं. लेकिन दोनों को बनाने का तरीका अलग है. आइए जानते हैं कि इस तपती गर्मी में आपके शरीर को सबसे ज्यादा हाइड्रेट और ठंडा कौन रखता है?
कोकम शरबत: भयंकर गर्मी में देता है तुरंत एनर्जी
कोकम शरबत गर्मियों का एक बेहतरीन ड्रिंक है. इसे कोकम के जूस, पानी, चीनी, भुना जीरा और काले नमक से बनाया जाता है.
- भयंकर गर्मी में यह शरीर में पानी की कमी को तुरंत पूरा करता है.
- इसमें मौजूद काला नमक और जीरा शरीर में नमक की कमी नहीं होने देते है.
- यह शरीर के तापमान को तुरंत गिराता है और आपको हीट स्ट्रोक से बचाता है.
सोल कढ़ी: पेट की जलन को मिटाता है
सोल कढ़ी एक स्वादिष्ट ड्रिंक है. इसे कोकम के अर्क के साथ ताजे नारियल के दूध, हरी मिर्च, लहसुन और राई के तड़के से तैयार किया जाता है.
- नारियल का दूध पेट को अंदर से ठंडा रखता है.
- भोजन या मसालेदार खाने के बाद सोल कढ़ी पीने से एसिडिटी और पेट की जलन तुरंत शांत होती है.
- यह सिर्फ हाइड्रेट नहीं करती, बल्कि शरीर को जरूरी फैट्स और विटामिंस भी देती है.
कौन है हाइड्रेशन के लिए सबसे बेस्ट?
अगर मुकाबला सिर्फ ज्यादा और तेज हाइड्रेशन का हो, तो कोकम शरबत बाजी मार लेता है. कोकम शरबत पीने में हल्का होता है. इसे पानी के साथ बनाया जाता है, जिससे शरीर इसे बहुत तेजी से सोख लेता है. यह धूप में खोई हुई ऊर्जा को तुरंत लौटाता है.
वहीं, सोल कढ़ी हाइड्रेशन के साथ-साथ आपके पेट को भारीपन और गर्मी से बचाती है. अगर आप दोपहर के भोजन के बाद कुछ ढूंढ रहे हैं, तो सोल कढ़ी बेस्ट है. लेकिन अगर आप धूप से आए हैं, तो कोकम शरबत सबसे ऊपर है. गर्मियों में खुद को सुरक्षित रखने के लिए आप इन दोनों को अपनी डाइट में बदल-बदल कर शामिल कर सकते हैं.
