अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को मिल रही निशुल्क कोचिंग | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को मिल रही निशुल्क कोचिंग

Date : 22-May-2026

 धमतरी, 22 मई । देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के उद्देश्य से धमतरी जिला प्रशासन ने सराहनीय पहल शुरू की है। भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती परीक्षा 2026-27 की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा संचालित यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सात मई 2026 से कंपोजिट बिल्डिंग धमतरी में नियमित रूप से संचालित हो रहा है। वर्तमान में जिले के 25 चयनित अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं। वहीं वनांचल क्षेत्रों सहित कोंडागांव और नारायणपुर के विद्यार्थी भी इस प्रशिक्षण में शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम को हाइब्रिड मोड में संचालित किया जा रहा है, जिसमें युवाओं को आनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से विषय विशेषज्ञों द्वारा पढ़ाया जा रहा है। प्रशिक्षण में गणित, विज्ञान और रीजनिंग विषयों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। जून 2026 में संभावित ऑनलाइन लिखित परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए समय-समय पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।

विषय विशेषज्ञ के रूप में विज्ञान की परविंदर कौर गिल, गणित के दिलीप अदानी तथा तार्किक क्षमता के लिए मोहित लाल बनपेला अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए सक्षम बनाना है। ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली युवा संसाधनों और उचित मार्गदर्शन के अभाव में लिखित परीक्षा में पिछड़ जाते हैं। ऐसे युवाओं के लिए यह निश्शुल्क कोचिंग एक सशक्त माध्यम बनकर सामने आई है। प्रशासन का प्रयास युवाओं को केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनाना है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement