पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण को दी जा रही सर्वोच्च प्राथमिकता: अपूर्व देवगन | The Voice TV

Quote :

"हम जो सोचते हैं, वो बन जाते हैं। इसलिए हमेशा अच्छा सोचें।" — गौतम बुद्ध

National

पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण को दी जा रही सर्वोच्च प्राथमिकता: अपूर्व देवगन

Date : 06-Jun-2026

 मंडी, 06 जून । प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मंडी जिला में पेंशनर्स की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि पेंशनर्स हमारे वरिष्ठ नागरिक हैं और हमारा प्रयास है कि इन्हें कोई समस्या न हो, इसके लिए जिला के सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वे आज उपायुक्त कार्यालय सभागार मंडी में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मंडी जिला इकाई की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की समस्याओं का बिना किसी देरी के समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल रोड स्थित पेंशनर्स भवन की जमीन की लीज अवधि बढ़ाने के संबंध में राजस्व अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। फिर भी अगर किसी विभाग के चिकित्सा बिल किसी कारणवश लंबित हैं तो सम्बन्धित अधिकारी उसके लिए सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार अपने विभाग से बजट लेकर उनका शीघ्र भुगतान करें।

पेंशनर्स की मांग पर उपायुक्त ने कहा कि सभी उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोहों में पेंशनरों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही उपमंडल स्तर पर पेंशनरों की बैठकों के लिए स्थान उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकारी डिपुओं में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। मंडी शहर में ऑटो किराया सूची विभिन्न स्थानों पर प्रकाशित की जाएगी तथा ऑटो में भी किराए की सूची लगवाने के निर्देश क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को दिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के क्षेत्रीय अस्पताल में पर्ची बनाने तथा चेकअप करवाने के लिए अलग से प्रबंध करने के स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि पेंशनर्स तथा वरिष्ठ नागरिकों के राजस्व विभाग से संबंधित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा।

पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश, मंडी के जिला प्रधान हरीश शर्मा ने उपायुक्त का स्वागत किया और बैठक आयोजित करने के लिए उनका धन्यवाद किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement