टोक्यो और आसपास के क्षेत्र में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान, 89 फ्लाइट रद्द | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

International

टोक्यो और आसपास के क्षेत्र में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान, 89 फ्लाइट रद्द

Date : 05-Feb-2024

 टोक्यो, 05 फरवरी । जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के इलाकों में सोमवार और मंगलवार को भारी बर्फबारी हो सकती है। इस वजह से परिवहन नेटवर्क पर प्रभाव की चेतावनी जारी की गई है। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी और भूमि, बुनियादी ढांचा, परिवहन व पर्यटन मंत्रालय ने लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है। चेतावनी में कहा गया है कि बर्फबारी के कारण शाम और सुबह कामकाजी लोगों और स्कूल बच्चों को गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हो सकती है।



जापान एयरलाइंस ने सोमवार को हानेडा हवाईअड्डे से आने-जाने वाली 55 उड़ानें और ऑल निप्पॉन एयरवेज ने 34 उड़ानें रद्द कर दीं। ट्रेनों को भी रद्द किया जा सकता है। मेट्रोपॉलिटन एक्सप्रेस-वे (शूटो एक्सप्रेस-वे) और ईस्ट निप्पॉन एक्सप्रेस-वे (नेक्सको ईस्ट) की सड़कें भी बंद होने की उम्मीद है। नेक्सको ईस्ट ने कहा कि टोक्यो महानगरीय क्षेत्र सहित कांटो क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर सभी वाहनों को स्नो टायर का उपयोग करना चाहिए। एहतियात के तौर पर एक्सप्रेस-वे के कुछ हिस्सों को सोमवार दोपहर से बंद कर दिया जाएगा।

इसी तरह पूर्वी जापान रेलवे ने चुओ लाइन पर कुछ सेवाएं निलंबित कर दी हैं। मंगलवार तक कांटो-कोशिन क्षेत्र के साथ-साथ शिज़ुओका और गिफू प्रान्त के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की उम्मीद जताई गई है। टोक्यो के केंद्रीय वार्डों सहित कांटो के कुछ निचले इलाकों में बर्फ जमा होने की आशंका है। गिफू प्रान्त के क्षेत्रों और उत्तरी कांटो-कोशिन क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में मंगलवार दोपहर तक 40 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हो सकती है। फुकुशिमा प्रान्त, सैतामा प्रान्त में चिचिबू, टोक्यो के तामा क्षेत्र और कानागावा प्रान्त के हाकोन में 30 सेंटीमीटर तक बर्फ गिर सकती है। टोक्यो महानगरीय क्षेत्र में आठ सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। टोक्यो के 23 वार्डों के लगभग सभी क्षेत्रों में सोमवार रात तक बर्फ की मोटी परत दिखने की उम्मीद है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement