व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर सटीक हमलों के लिए शुरू किया गया ऑपरेशन 'मिडनाइट हैमर' पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि इस सैन्य अभियान का मुख्य उद्देश्य ईरानी शासन की परमाणु संवर्धन क्षमता को नष्ट करना और अमेरिका, इजरायल तथा विश्व समुदाय पर मंडरा रहे परमाणु खतरे को समाप्त करना था।
लेविट ने कहा, "ऑपरेशन मिडनाइट हैमर सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि एक रणनीतिक प्रयास था ताकि क्षेत्र को अराजकता और रक्तपात से निकालकर स्थायी शांति की दिशा में ले जाया जा सके।" उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई के 48 घंटों के भीतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी टीम ने इजरायल और ईरान के बीच ऐतिहासिक युद्धविराम सुनिश्चित कर दिया, जिससे 12 दिनों से जारी संघर्ष का औपचारिक अंत हुआ।
व्हाइट हाउस का मानना है कि यह ऑपरेशन न केवल परमाणु खतरे को रोकने में सफल रहा, बल्कि उसने पश्चिम एशिया में स्थायित्व और कूटनीतिक संतुलन की एक नई शुरुआत की है।
