यूएन महासभा अध्यक्ष कोरोसी का ट्वीट, भारत के प्रधानमंत्री मोदी से मिलने को उत्साहित हूं | The Voice TV

Quote :

"कल से सीखो, आज के लिए जियो, कल के लिए आशा रखो।"

International

यूएन महासभा अध्यक्ष कोरोसी का ट्वीट, भारत के प्रधानमंत्री मोदी से मिलने को उत्साहित हूं

Date : 16-Jun-2023

न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष सत्र आहूत किया है। इस विशेष योग सत्र की अगुवाई भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे और संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष साबा कोरोसी भी इसमें शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र में होने वाले समारोह में शामिल होंगे। वे संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में होने वाले योग दिवस पर केंद्रित विशेष सत्र की अगुवाई करेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 77वें सत्र के अध्यक्ष साबा कोरोसी भी इस समारोह में भाग लेंगे।

कोरोसी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपना चित्र ट्वीट करते हुए लिखा कि वे अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ संयुक्त राष्ट्र में होने वाले नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं। उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की स्थापना का मसौदा प्रस्ताव भारत ने प्रस्तावित किया था और रिकॉर्ड 175 सदस्य देशों ने इसका समर्थन किया गया था।

27 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विचार रखा था। योग की सार्वभौमिक मान्यता और बढ़ती लोकप्रियता के साथ, संयुक्त राष्ट्र ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। इसके बाद पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया।

इस बार योग दिवस पर आयोजित विशेष सत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र ने एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें सबको योग सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने के साथ बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी पहली बार संयुक्त राष्ट्र संघ में योग सत्र का नेतृत्व करेंगे।

योग सत्र 21 जून को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के विशाल नॉर्थ लॉन में सुबह 8 बजे से 9 बजे तक चलेगा। एडवाइजरी के अनुसार, ऐतिहासिक योग सत्र में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारियों, राजदूतों, दूतों, सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ वैश्विक और प्रवासी समुदाय के प्रमुख सदस्यों के भाग लेने की उम्मीद है। लोगों से कहा गया है कि वह ऐसे कपड़े पहनकर आएं, जिसमें वह योग कर सकें। संयुक्त राष्ट्र ने योग करने के लिए मैट खुद देने की बात कही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement