रूस का एकतरफा फैसला, यूक्रेन के साथ 'काला सागर खाद्यान्न समझौता' खत्म | The Voice TV

Quote :

"कल से सीखो, आज के लिए जियो, कल के लिए आशा रखो।"

International

रूस का एकतरफा फैसला, यूक्रेन के साथ 'काला सागर खाद्यान्न समझौता' खत्म

Date : 18-Jul-2023

  यूक्रेन पर रूसी हमले के बावजूद काला सागर के रास्ते खाद्यान्न आपूर्ति के लिए रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा समझौता रूस ने एकतरफा फैसला कर खत्म कर दिया है। रूस के इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खाद्य संकट उत्पन्न होने का खतरा है।

यूक्रेन पर हमले के बाद दुनिया पर तब खाद्यान्न संकट मंडराने लगा था, जब काला सागर के रास्ते से खाद्यान्न आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा सामने आया था। बाद में रूस और यूक्रेन ने इस मसले पर समझौता हुआ कि दोनों देश एक दूसरे के मालवाहक जलयानों पर हमले नहीं करेंगे। अब रूस ने एकतरफा फैसला लेकर इस समझौते को खत्म करने का एलान किया है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस ने खाद्यान्न समझौते से स्वयं को अलग कर लिया है। पेस्कोव ने कहा कि रूस की कुछ मांगें हैं, जब तक इन्हें पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक इस समझौते पर अमल शुरू नहीं किया जाएगा।

रूस का यह फैसला दुनिया के लिए खतरनाक करार दिया जा रहा है और हर तरफ इस फैसले का विरोध हो रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा है कि इससे लाखों लोगों के भूख से मरने का खतरा बढ़ जाएगा। अमेरिका ने इसे तानाशाही रवैया करार दिया है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने कहा है कि वो दुनिया को अनाज की आपूर्ति करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस समझौते में यूक्रेन और रूस दोनों शामिल थे। अब रूस पीछे हट गया है, लेकिन यूक्रेन खाद्यान्न आपूर्ति जारी रखेगा।

जेलेंस्की के प्रवक्ता ने कहा कि समझौते से रूस के अलग होने से यूक्रेन को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हम काला सागर के जरिए आपूर्ति जारी रखेंगे। इसमें संयुक्त राष्ट्र संघ की मदद भी ली जाएगी। इसके लिए शिपिंग कंपनियों से बातचीत की गयी है और वो आपूर्ति जारी रखने के लिए तैयार हैं। तुर्किये के रास्ते दुनिया को अनाज पहुंचाना जारी रखा जाएगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement