गिलगित-बाल्टिस्तान में हिमनद फटा, सैलाब में बह गए कई वाहन, चेरी-खुबानी के बाग नष्ट | The Voice TV

Quote :

"कल से सीखो, आज के लिए जियो, कल के लिए आशा रखो।"

International

गिलगित-बाल्टिस्तान में हिमनद फटा, सैलाब में बह गए कई वाहन, चेरी-खुबानी के बाग नष्ट

Date : 23-Jul-2023

 इस्लामाबाद, 23 जुलाई  हिमनद के फटने से गिलगित-बाल्टिस्तान राज्य के कई इलाकों में हालात गंभीर हो गए हैं। पानी के सैलाब ने गिजर जिले की यासीन घाटी में कहर बरपाया है। कम से कम 10 घर और दो दुकान क्षतिग्रस्त हो गईं।

घाटी में आया जल सैलाब दो वाहन और एक मोटरसाइकिल को बहा ले गया। संपर्क मार्ग कई जगह ध्वस्त हो गए। बाढ़ ने खड़ी फसलों के साथ चेरी और खुबानी के बागों को नष्ट कर दिया है। तीन जलापूर्ति योजनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सुपेल्टर नाला उफान पर है। बाढ़ प्रभावित सैकड़ों लोगों को धार्मिक स्थलों में शरण लेनी पड़ी है। जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुएं भेजी हैं।

राज्य के वरिष्ठ मंत्री गुलाम मुहम्मद ने कहा कि पानी की कमी से जूझ रहे प्रभावित इलाकों में लोगों को राहत देने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गिजर के विभिन्न नालों में भारी बाढ़ के बाद गिलगित नदी में भी जलस्तर चिंताजनक स्तर तक बढ़ गया है। स्कर्दू, घांचे और शिगार जिलों में बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। घांचे के डिप्टी कमिश्नर अमीर आजम हमजा ने कहा कि बाढ़ से फसलों और पेड़ों को नुकसान हुआ है। जिले में कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement