मुंबई: कन्नड़ सुपरस्टार यश ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर 'रामायण' की शूटिंग शुरू कर दी है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म में यश 'रावण' की भूमिका में नजर आएंगे। 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका रणबीर कपूर निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाती नजर आएंगी। रणबीर और साई पल्लवी पहले ही मुंबई में अपने हिस्से की शूटिंग कर चुके हैं। अब यश ने भी अपने हिस्से की शूटिंग शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, यश 21 फरवरी को शूटिंग के सेट पर पहुंचे और उन्होंने दो दिन के कॉस्ट्यूम ट्रायल के बाद शूटिंग शुरू की। फिलहाल, उनकी शूटिंग का फोकस युद्ध के दृश्यों पर है, जिसे मुंबई के अक्सा बीच पर फिल्माया जाएगा। इसके बाद फिल्म की आगे की शूटिंग दहिसर के एक स्टूडियो में होगी। इस फिल्म में युद्ध के दृश्यों को बड़े पैमाने पर फिल्माया जा रहा है। एक्शन कोरियोग्राफी जबरदस्त है। इन दृश्यों में ग्रीन स्क्रीन तकनीक और वीएफएक्स का भी बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, इस चरण में रणबीर कपूर शामिल नहीं होंगे, क्योंकि इसमें राम-रावण के आमने-सामने की लड़ाई का दृश्य नहीं है।
