रायपुर 19 अप्रैल । लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने के बाद भारतीय जनता पार्टी अब इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी में है। कांग्रेस के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाने आज रविवार काे रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताई जाएगी।
आज दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। कल रायपुर में भाजपा की महिला जनआक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसकी शुरुआत दोपहर 3 बजे इंडोर स्टेडियम से होगी और सुभाष स्टेडियम पहुंचकर सम्मेलन व समापन होगा। इसके अलावा 20–21 अप्रैल को प्रदेशभर में महिला पदयात्राएं और 23–24 अप्रैल को जनआक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131 वां संशोधन) बिल पास नहीं हो सका। बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने इसके विरोध में मतदान किया। इसे पारित करने के लिए 352 वोटों की आवश्यकता थी।
इस बिल में लोकसभा सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान शामिल था।
