vभारत ने जमैका को दिया आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड का उपहार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

vभारत ने जमैका को दिया आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड का उपहार

Date : 04-May-2026

 किंग्स्टन (जमैका), 04 मई । भारत और जमैका के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों की एक नई तस्वीर जमैका के ऐतिहासिक 'सबीना पार्क' क्रिकेट स्टेडियम में देखने को मिली। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस की उपस्थिति में भारत की ओर से उपहार स्वरूप दिए गए अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड को औपचारिक रूप से समर्पित किया।

स्कोरबोर्ड के अनावरण के दौरान जयशंकर ने खेल को दोनों देशों के बीच की एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने जमैका में अपने संबोधन में कहा, “भारत और जमैका की कहानी रनों, सम्मान और गहरी दोस्ती से लिखी गई है। यह स्कोरबोर्ड भविष्य की कई शानदार पारियों का गवाह बनेगा, जिसमें भारत-जमैका की दोस्ती भी शामिल होगी।”

विदेश मंत्री ने याद दिलाते हुए कहा कि इसी मैदान (सबीना पार्क) पर राहुल द्रविड़ ने शतक जड़ा था और विराट कोहली ने 2011 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। जमैका के दिग्गज खिलाड़ियों जॉर्ज हेडली, माइकल होल्डिंग और क्रिस गेल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आईपीएल के दौरान भारतीय दर्शक जमैकन क्रिकेटरों का उत्साह बिल्कुल अपने खिलाड़ियों की तरह बढ़ाते हैं।

डॉ. जयशंकर ने रेखांकित किया कि भारत केवल उत्सव के समय ही नहीं बल्कि तूफान और कोविड-19 जैसी चुनौतियों के दौरान भी दवाओं और टीकों के साथ जमैका के साथ खड़ा रहा है।

प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस के साथ मुलाकात में डॉ. जयशंकर ने भारत में हो रहे बड़े बदलावों पर भी चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से बुनियादी ढांचे, मानव विकास और तकनीक-आधारित शासन के क्षेत्र में भारत की प्रगति को साझा किया। भौगोलिक दूरी के बावजूद दोनों देश अपनी आकांक्षाओं और संघर्षों में एक-दूसरे के बेहद करीब हैं।

इस मौके पर विपक्ष के नेता मिस्टर मार्क गोल्डिंग, मंत्री ओलिविया ग्रेंज, जमैका की विदेश मंत्री कामिना जॉनसन स्मिथ, जमैका क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ डोनोवन बेनेट, दोनों देशों के उच्चायुक्त सहित अन्य विशिष्ट अतिथि, क्रिकेट खिलाड़ी और क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement