चारधाम यात्रा में साढ़े 6 लाख श्रद्धालु पहुंचे | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

Travel & Culture

चारधाम यात्रा में साढ़े 6 लाख श्रद्धालु पहुंचे

Date : 04-May-2026

मई का महीना है, लेकिन पहाड़ों पर सर्दी का मिजाज अभी गया नहीं. सोमवार को चारधाम यात्रा के 16वें दिन केदारनाथ में सुबह चार बजे से ही बारिश शुरू हो गई, कोहरे ने घाटी को ढक लिया और तापमान माइनस 6 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया. मौसम के इस बिगड़े मिजाज ने केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं रोकने पर मजबूर कर दिया  लेकिन पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की कतारें फिर भी नहीं रुकीं.

साढ़े 27 लाख का रजिस्ट्रेशन, 6.60 लाख कर चुके दर्शन

यात्रा के आंकड़े बताते हैं कि इस बार श्रद्धालुओं का उत्साह किसी भी पिछले साल से कम नहीं है. अब तक 27 लाख 50 हजार से ज्यादा लोग चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं और 6 लाख 60 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.

सबसे ज्यादा भीड़ बाबा केदार के दरबार में उमड़ रही है. केदारनाथ में अब तक 3 लाख 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 9 लाख 66 हजार को पार कर गया है. बद्रीनाथ में 1 लाख 60 हजार, यमुनोत्री में 1 लाख और गंगोत्री में 99 हजार से ज्यादा श्रद्धालु माथा टेक चुके हैं. 4 और 5 मई को और 1 लाख 31 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है.

केदारनाथ में भोर से बारिशहेली उड़ानें ठप

पिछले कुछ दिनों से दोपहर बाद बारिश का सिलसिला चल रहा था, लेकिन सोमवार को मौसम ने और रुद्र रूप दिखाया. भोर से ही बारिश शुरू हो गई. ठंड और कोहरे के कारण हेली सेवाएं पूरी तरह रोकनी पड़ीं.

सोनप्रयाग के सेक्टर अधिकारी ने बताया कि हल्की बारिश के बीच सुबह श्रद्धालुओं को धाम के लिए रवाना किया गया, लेकिन भीड़ पिछले दिनों की तुलना में कम रही. बावजूद इसके जो श्रद्धालु पहुंचे, वे माइनस तापमान और बारिश की परवाह किए बिना कतारों में खड़े रहे बाबा केदार के दर्शन की चाहत के आगे मौसम की मार भी छोटी पड़ गई.

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर SDRF, DDRF, NDRF, पुलिस और ITBP के जवानों को सोनप्रयाग से केदारनाथ पैदल मार्ग पर तैनात कर दिया है.

बद्रीनाथ में माइनस 3, फिर भी 17 हजार की भीड़ का अनुमान

बद्रीनाथ धाम में भी ठंड का असर है और तापमान माइनस 3 डिग्री के आसपास है. इसके बावजूद आज शाम तक 17 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के दर्शन का अनुमान लगाया गया है. बद्रीनाथ में तैनात सुरक्षाबलों के जवान बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर पर बैठाकर खुद मंदिर तक पहुंचा रहे हैं. 

इस बीच अभिनेत्री और मॉडल न्यारा बनर्जी भी बद्रीनाथ धाम पहुंचीं और भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए. उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि यहां आकर एक अलग ही आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ.

 गंगोत्री-यमुनोत्री में भी सर्दी का सितम

गंगोत्री में तापमान माइनस 4 और यमुनोत्री में माइनस 3 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम के अलर्ट के बावजूद दोनों धामों की यात्रा सुचारू है. उत्तरकाशी पुलिस यात्रा मार्गों पर बैरिकेडिंग कर लगातार निगरानी रख रही है.

हेमकुंड साहिब बर्फ काटकर बन रहा रास्ता

23 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने हैं और उससे पहले सेना के जवान और गुरुद्वारे के सेवादार वहां पहुंच चुके हैं. यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. अटलाकोटी हिमखंड जैसे बड़े-बड़े बर्फ के अवरोधों को काटकर रास्ता बनाया जा रहा है. खराब मौसम और भारी बर्फबारी के बाद भी काम रुका नहीं है.

कुल मिलाकर इस बार की चारधाम यात्रा में मौसम भले ही बार-बार रूकावट बन रहा हो, लेकिन श्रद्धालुओं का हौसला और प्रशासन की तैयारी दोनों मिलकर यात्रा को आगे बढ़ाए हुए हैं.

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement