चार धाम यात्रा 2026 की शुरुआत हो चुकी है और केदारनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं, जिससे उत्तराखंड की पवित्र वादियों में फिर से भक्ति और आस्था का माहौल बन गया है. केदारनाथ यात्रा हर साल लाखों भक्तों के लिए एक खास एक्सपीरियंस होता है, लेकिन यह उतनी ही मुश्किल भी है क्योंकि यहां ऊंचाई, तेज ठंड, अचानक बदलता मौसम, लंबा ट्रेक और ऑक्सीजन की कमी जैसी चुनौतियां सामने आती हैं. इसलिए अगर आप इस पवित्र यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले से सही तैयारी करना बेहद जरूरी है. जिससे सफर सुरक्षित और आरामदायक रहे. ऐसे में आइए आज हम आपको बताते हैं कि केदारनाथ जाने का प्लान है तो बैग में कौन सी 5 चीजें जरूर पैक कर लें.
केदारनाथ में मौसम कभी भी ठंडा हो सकता है, खासकर सुबह और रात के समय, यहां तक कि गर्मियों में भी ठंडी हवाएं चलती हैं. इसलिए अपने साथ ऊनी कपड़े, जैकेट, स्वेटर, मफलर, दस्ताने और मोटे मोजे जरूर रखें. इससे आपको ठंड से बचाव मिलेगा और यात्रा आसान होगी.
पहाड़ी इलाकों में मौसम कभी भी बदल सकता है. अचानक बारिश शुरू हो सकती है. इसलिए एक अच्छा रेनकोट और हल्का छाता अपने बैग में जरूर रखें. रेनकोट आपको पूरी तरह ढककर बारिश से बचाता है, जिससे यात्रा में रुकावट नहीं आती है.
केदारनाथ का रास्ता सीधा नहीं बल्कि लंबा और चढ़ाई वाला होता है. इसलिए आरामदायक और मजबूत ट्रेकिंग शूज पहनना बहुत जरूरी है. इससे फिसलने का खतरा कम हो जाता है. साथ ही एक वॉकिंग स्टिक भी रखें, जिससे चलने में सहारा मिलता है और थकान कम होती है.
लंबे ट्रेक में शरीर जल्दी थक जाता है, इसलिए एनर्जी बनाए रखना जरूरी है. अपने साथ पानी की बोतल, ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट, केले और हल्के स्नैक्स जरूर रखें. ये चीजें आपको तुरंत एनर्जी देती हैं और यात्रा के दौरान कमजोरी नहीं होने देती हैं.
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कभी-कभी सिरदर्द, चक्कर या थकान जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. इसलिए एक छोटी मेडिकल किट जरूर रखें जिसमें बुखार, दर्द, उल्टी और चोट के लिए जरूरी दवाइयां, बैंडेज और एंटीसेप्टिक क्रीम शामिल हों.
यात्रा के दौरान पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड या कोई सरकारी आईडी साथ रखना बहुत जरूरी है. इसके अलावा मोबाइल चार्ज करने के लिए पावर बैंक और रात में या अंधेरे में काम आने वाली टॉर्च भी जरूर रखें. इससे आप किसी भी स्थिति में परेशानी से बच सकते हैं.
