चीन-अमेरिका संबंधों में नया अध्याय शुरू होगाः शी जिनपिंग, ट्रंप से बातचीत शुरू | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

चीन-अमेरिका संबंधों में नया अध्याय शुरू होगाः शी जिनपिंग, ट्रंप से बातचीत शुरू

Date : 14-May-2026

 बीजिंग, 14 मई । चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग ने गुरुवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2026 एक ऐतिहासिक और मील का पत्थर साबित होने वाला वर्ष होगा। यह वर्ष चीन-अमेरिका संबंधों में नया अध्याय खोलेगा। शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में द्विपक्षीय बैठक शुरू होने से पहले शुरुआती भाषण दिया। शी ने कहा दुनिया नए मोड़ पर आ गई है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ और अमेरिकी चैनल सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में यह पल ट्रंप और शी के बीच आधिकारिक मुलाकात का गवाह बना। ट्रंप स्वागत से बेहद खुश नजर आए। स्वागत के बाद दोनों नेताओं ने अमेरिका और चीन के प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों से मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेता रेड कार्पेट पर चलते हुए लाल और सुनहरे रंग की सजावट वाले एक ढके हुए मंच तक पहुंचे।

यहां एक सैन्य बैंड ने दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए और पास ही स्थित तियानमेन चौक पर तोपों की सलामी गूंजी। ट्रंप और शी ने सैनिकों का निरीक्षण किया और फिर सैकड़ों उछलते-कूदते बच्चों के बीच से गुजरे। ट्रंप और शी ने कई बार एक-दूसरे के हाथ पर हाथ रखकर स्नेह जताया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और चीनी नेता शी जिनपिंग ने अहम बातचीत शुरू कर दी है। दो दिनों तक चलने वाली इन मुलाकातों में उनके बीच टेक्नोलॉजी, व्यापार और ताइवान जैसे कई पेचीदा मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इस बातचीत का जो भी रुख तय होगा, वह आने वाले कई सालों तक दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच संबंधों की दिशा तय कर सकता है।

अमेरिका- इजराइल का ईरान के साथ संभावित युद्ध और उसके बाद पैदा होने वाला वैश्विक ऊर्जा संकट इस यात्रा पर हावी है। उम्मीद है कि ट्रंप, शी से आग्रह करेंगे कि वे चीन के सहयोगी देश ईरान पर दबाव डालें ताकि वह शांति समझौते पर राजी हो जाए और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोल दे। होर्मुज तेल व्यापार के लिए बेहद अहम समुद्री रास्ता है। अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ इस दौरे पर कई शीर्ष अधिकारी और एक दर्जन से अधिक उद्योगपति भी हैं। इनमें टिम कुक और एलन मस्क प्रमुख हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement