सुपौल, 01 अप्रैल। प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच की 38वीं प्रांतीय सभा में त्रिवेणीगंज शाखा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। वर्ष 2025-26 की इस महत्वपूर्ण सभा में त्रिवेणीगंज की मुख्य शाखा एवं नवगठित प्रेरणा शाखा ने कुल 9 पुरस्कार अपने नाम कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। त्रिवेणीगंज शाखा को उसके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ ग्रामीण शाखा का प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं शाखा सचिव युवा विवेक केजरीवाल जी को सर्वश्रेष्ठ ग्रामीण शाखा सचिव के रूप में सम्मानित किया गया।
शाखा के सह सचिव युवा रवि चौखानी जी को मंडल ‘ग’ का सहायक मंत्री नियुक्त किया गया, जो शाखा के लिए एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
शाखा को श्रेष्ठ कृत्रिम अंग सेवा, श्रेष्ठ वृक्षारोपण, श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं श्रेष्ठ सदस्य विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी पुरस्कार प्राप्त हुए। वहीं नवगठित प्रेरणा शाखा ने भी अपने अल्प समय में प्रभावशाली कार्य करते हुए श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रेष्ठ वृक्षारोपण सहित अन्य दो पुरस्कार हासिल कर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष युवा शुभम चौखानी जी ने कहा कि यह उपलब्धि सभी सदस्यों की कड़ी मेहनत, समर्पण एवं सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगे भी शाखा इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। यह सफलता न केवल त्रिवेणीगंज शाखा के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
