सुपोषित समाज की ओर बढ़ता धमतरी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

सुपोषित समाज की ओर बढ़ता धमतरी

Date : 09-May-2026

 धमतरी, 09 मई । एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना धमतरी द्वारा शनिवार को अंबेडकर वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सुपोषण चौपाल एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, पार्षद कुलेश सोनी, शैलेश रजक एवं भाजपा शहर महिला मोर्चा अध्यक्ष पूजा कुंजाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार सामग्री वितरित की गई तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में वार्डवासियों की सहभागिता रही। आयोजन का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में जनसहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही समृद्ध समाज की मजबूत नींव होते हैं। सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुपोषण चौपाल जैसे आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की अपील करते हुए कहा कि शुरुआती वर्षों में सही पोषण मिलने से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है। अन्नप्राशन संस्कार भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है, जो बच्चों के स्वस्थ जीवन की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच, बच्चों के समय पर टीकाकरण तथा पोषण संबंधी जानकारी को समाज तक पहुंचाने की अपील की। पार्षद कुलेश सोनी ने कहा कि बच्चों का सही पोषण केवल परिवार नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सुपोषण चौपाल जैसे कार्यक्रम लोगों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को विशेष देखभाल एवं पौष्टिक आहार की आवश्यकता होती है, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सशक्त बन सके। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में काफी संख्या में शिशूवती महिलाएं, बच्चे व वार्डवासी मौजूद थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement