नई दिल्ली, 09 मई । केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन स्थित नवीनीकृत उपडाकघर का उद्घाटन किया। ‘जन सेवा कनेक्ट’ योजना के तहत विकसित यह डाकघर अब भविष्य-उन्मुख सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां आधुनिक तकनीक और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं का समावेश किया गया है।
केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 1932-33 में स्थापित अंधेरी आरएस पोस्ट ऑफिस को आधुनिक स्वरूप देने का कार्य योजना एवं वास्तुकला विद्यालय (स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर) के सहयोग से किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य पारंपरिक डाकघरों को आधुनिक सेवा केंद्रों में बदलना है, ताकि नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
यह डाकघर देशभर के 17 राज्यों में 40 डाकघरों पर लागू किए जा रहे ‘प्रयोगात्मक मॉडल’ कार्यक्रम के अंतर्गत चुना गया है। महाराष्ट्र का यह पहला और देश का दूसरा डाकघर है, जिसे इस विशेष परियोजना के तहत विकसित कर उद्घाटित किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस मॉडल को भविष्य में देश के अन्य प्रमुख डाकघरों में भी लागू किया जा सकता है।
उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक, नागरिक-केंद्रित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप डाक सेवाओं के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डाक सेवाओं को तकनीक, दक्षता और पारदर्शिता के माध्यम से नए युग के अनुरूप मजबूत बनाया जा रहा है। सिंधिया ने यह भी कहा कि इंडिया पोस्ट अब केवल पत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह डिजिटल और वित्तीय सेवाओं के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में भी उभर रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इंडिया पोस्ट देश के अंतिम छोर तक सेवाएं पहुंचाने और लोगों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने इस पहल को महाराष्ट्र में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा और सकारात्मक कदम बताया।
नवीनीकरण के बाद अंधेरी उपडाकघर में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा, डिजिटल सेवा सुविधाएं, आधुनिक ग्राहक सहायता प्रणाली और तेज सेवा वितरण व्यवस्था विकसित की गई है। इसके साथ ही डाकघर को नई पहचान और आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है, ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर अनुभव मिल सके। समारोह के दौरान एक विशेष कवर भी जारी किया गया, जिसे इस परियोजना की स्मृति और महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र और गोवा सर्कल के मुख्य डाकघर महानिरीक्षक अमिताभ सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में स्थानीय विधायक हारून खान, रूपेश सावर्कर और आचार्य पवन त्रिपाठी ने भी भाग लिया।
