मेदिनीपुर, 09 मई । राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा के बाद पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी, नंदीग्राम और बेलदा में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच शुक्रवार देर रात तक भारी उत्साह देखा गया। जगह-जगह जुलूस निकालकर और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया।
कांथी और नंदीग्राम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सुवेंदु अधिकारी के घर के सामने एकत्र हुए। इस दौरान अबीर खेला गया, पटाखे फोड़े गए और समर्थकों ने “जय श्रीराम” के नारे लगाते हुए खुशी व्यक्त की। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर भाजपा की जीत का उत्सव मनाया।
इसी तरह पश्चिम मेदिनीपुर के बेलदा इलाके में भी नारायणगढ़ के भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। कार्यकर्ता सुवेंदु अधिकारी की तस्वीर हाथ में लेकर पूरे शहर में घूमे और लोगों को बधाई दी। इस कार्यक्रम में नारायणगढ़ क्षेत्र के भाजपा नेता गौरी शंकर अधिकारी, रामलाल जाना सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा विधायक रमा प्रसाद गिरी ने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन की नई शुरुआत का संकेत है। जुलूस और उत्सव को देखते हुए कई स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
