कोलकाता, 09 मई ।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद शनिवार को नई भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने जा रहा है। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड मैदान में यह भव्य समारोह शनिवार सुबह 10 बजे शुरू होगा। इसी समारोह में पश्चिम बंगाल की पहली भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। साथ ही दो उपमुख्यमंत्रियों और कैबिनेट मंत्रियों का भी शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
विशेष बात यह है कि यह शपथ ग्रहण समारोह बंगाली पंचांग के अनुसार बैसाख महीने के 25वें दिन आयोजित हो रहा है। इसी दिन पूरे राज्य में कविगुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर की जयंती मनाई जाती है।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के कई राष्ट्रीय नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार प्रोटोकॉल के तहत राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम सहित कई वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न दलों के प्रमुखों को भी आमंत्रण भेजा गया है।
शपथ ग्रहण से पहले राज्य मंत्रिमंडल को लेकर बैठकों का दौर पूरा हो चुका है और मंत्रियों के विभागों के आवंटन पर भी चर्चा की गई है। हालांकि अब तक मंत्रिमंडल के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार स्वपन दासगुप्ता, अजीत कुमार जाना, शंकर घोष, शारदा मुखोपाध्याय, इंद्रनील खान, अग्निमित्रा पाल, दिलीप घोष, दीपांजन चक्रवर्ती, दीपक बर्मन, बंकिम घोष, सजल घोष, रुद्रनील घोष, सुब्रत ठाकुर, रविन्द्रनाथ बसु, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, जुएल मुर्मू, नमन राय, अर्जुन सिंह, देवाशीष धर और राजेश कुमार को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं तापस राय को विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
समारोह में देश के कई उद्योगपति, विभिन्न देशों के राजदूत और काउंसिल जनरल, समाज के विशिष्ट लोग तथा सांस्कृतिक जगत की प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी। बांग्ला फिल्म जगत के निर्देशक, निर्माता, अभिनेता-अभिनेत्रियों, साहित्यकारों, लेखकों और कलाकारों को भी विशेष निमंत्रण भेजा गया है।
बताया गया है कि भाजपा के उन परिवारों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिनके परिजनों की राजनीतिक हिंसा में मृत्यु हुई थी। जानकारी के अनुसार ऐसे 200 से अधिक परिवारों को समारोह में बुलाया गया है और उनके बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा लाखों भाजपा समर्थकों और आम लोगों के समारोह में पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए ब्रिगेड मैदान में 100 से अधिक बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जा रहे हैं, ताकि दूर बैठे लोग भी पूरे कार्यक्रम को देख सकें।
