राहुल गांधी ने की पटना में बीपीएससी शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज की निंदा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राहुल गांधी ने की पटना में बीपीएससी शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज की निंदा

Date : 09-May-2026

 नई दिल्ली, 09 मई। कांग्रसे सांसद राहुल गांधी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा शिक्षक भर्ती के चौथे चरण का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय सरकार उन पर बल प्रयोग कर रही है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस घटना से जुड़ा लगभग एक मिनट का एक वीडियो साझा किया, जिसमें पुलिसकर्मी प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसाते दिखाई दे रहे हैं। राहुल गांधी ने पोस्ट में कहा कि अपने रोजगार के अधिकार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों के साथ बिहार पुलिस ने बेरहमी से व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों के पास बेरोजगार युवाओं के सवालों का जवाब केवल लाठीचार्ज और दमन है।

राहुल गांधी ने लिखा कि आज भारत की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है और इसका सबसे अधिक असर बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है। लाखों युवा डिग्री और योग्यता हासिल करने के बाद भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आती।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब युवा अपने अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तब उन्हें नौकरी देने के बजाय लाठियां दी जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा समर्थित सरकारें युवाओं की परेशानियों को समझने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि देश का युवा अब भाजपा के “झूठे वादों” से परेशान हो चुका है और अब वह चुप बैठने वाला नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस हर परिस्थिति में युवाओं के साथ खड़ी रहेगी और उनके रोजगार तथा अधिकारों की लड़ाई में समर्थन जारी रखेगी।

उल्लेखनीय है कि बीपीएससी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके बाद लाठीचार्ज की घटना सामने आई। घटना के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है और विपक्ष सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement