राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव और दो पर उपचुनाव की घोषणा, 18 जून को मतदान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव और दो पर उपचुनाव की घोषणा, 18 जून को मतदान

Date : 22-May-2026

 नई दिल्ली, 22 मई । चुनाव आयोग ने जून-जुलाई में सेवानिवृत्त हो रहे राज्यसभा सदस्यों की 24 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव तथा महाराष्ट्र और तमिलनाडु की दो रिक्त सीटों पर उपचुनाव कराने की घोषणा की है। सभी सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा और उसी दिन नतीजे आयेंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल जून और जुलाई में समाप्त हो रहा है। इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु से राज्यसभा की एक-एक सीट रिक्त होने के कारण उपचुनाव भी कराए जाएंगे।

महाराष्ट्र की सीट सुनेत्रा अजित पवार के 6 मई को इस्तीफे और तमिलनाडु की सीट सी. वी. शनमुगम के 7 मई को इस्तीफे के बाद खाली हुई। इन दोनों सीटों का कार्यकाल क्रमशः 4 जुलाई 2028 और 29 जून 2028 था।

आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 1 जून को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।

चुनाव आयोग के अनुसार आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार; मध्यप्रदेश, राजस्थान की तीन-तीन; झारखंड की दो तथा मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मेघालय की एक-एक सीट के लिए मतदान होगा।

राज्यसभा से सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों के नाम इस प्रकार हैं - आंध्र प्रदेश से अयोध्या रामी रेड्डी अल्ला, नथवाणी परिमल, पिल्ली सुभाषचंद्र बोस और सना सतीश बाबू। गुजरात से रामभाई हरजीभाई मोकारिया, अमीन नरहरि हीराभाई, गोहिल शक्तिसिंहजी हरिचंद्रसिंहजी और रमिला बेचरभाई बारा। झारखंड से दीपक प्रकाश और शिबू सोरेन। मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी। मणिपुर से महाराजा सनाजाओबा लीशेम्बा। मेघालय से वानवेइरॉय खार्लुखी। राजस्थान से नीरज डांगी, राजेंद्र गेहलोत और रवनीत सिंह। अरुणाचल प्रदेश से नबाम रेबिया। कर्नाटक से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा, नारायण कोरगप्पा और इरन्ना कडाडी। मिजोरम से के. वनलालवेना का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement