जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी, तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी, तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार

Date : 22-May-2026

 काेरबा 22 मई। काेरबा जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाओं और उमस से लोगों को राहत नहीं मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों तक तापमान 45 डिग्री से नीचे आने की संभावना नहीं है। वहीं अगले सप्ताह तापमान में करीब 2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे पारा 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार जताए जा रहे हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि जिले में फिलहाल बारिश का कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। हालांकि बीच-बीच में तेज हवाएं चल सकती हैं, लेकिन इससे गर्मी से विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। लगातार बढ़ते तापमान और तपिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने की शिकायत लेकर मरीजों की संख्या बढ़ रही है। खासतौर पर बच्चे और बुजुर्ग गर्मी की चपेट में अधिक आ रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। अधिक से अधिक पानी पीएं और शरीर में पानी की कमी न होने दें। धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढंकें तथा हल्के और सूती कपड़े पहनें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई महीने में गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत होगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement