बहराइच, 08 जून । उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच की नगर पंचायत पयागपुर के गठन के बाद तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष बालेंद्र श्रीवास्तव और पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर नगर पंचायत का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने बीते तीन वर्षों में कराए गए कार्यों, प्रस्तावित योजनाओं और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए दावा किया कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 31 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत एवं प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें से कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि अनेक परियोजनाएं विभिन्न चरणों में संचालित हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में पयागपुर नगर पंचायत को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श नगर के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
रविवार शाम काे प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि नगर पंचायत पयागपुर के विकास की जो परिकल्पना जनता के सामने रखी गई थी, उसे साकार करने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन राजनीतिक कारणों से अनेक योजनाएं प्रभावित हुईं। पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र की जनता विकास चाहती है, राजनीति नहीं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को मिलने वाली योजनाओं और संसाधनों का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है और भविष्य में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास के लिए क्षेत्रीय विधायक को अपना बड़प्पन दिखाते हुए विकास करो में सहयोग करना चाहिए और विकास कार्य में यदि कोई गड़बड़ी हो तो उसकी जांच कराए कार्य होने के पहले ही अड़ंगे बाजी करने के कारण विकास कार्य बाधित होते हैं जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है
नगर पंचायत अध्यक्ष बालेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि आगामी दो वर्षों में अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने के साथ-साथ नई विकास योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे नगर पंचायत पयागपुर क्षेत्र के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर सभासद बजरंग शर्मा, अधिवक्ता दिनेश शुक्ला, राम सुरेश यादव सहित नगर पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि एवं समर्थक उपस्थित रहे।
