अभिषेक बनर्जी के घर तड़के हुई पुलिस कार्रवाई पर भड़कीं सागरिका घोष, बोलीं- यह राजनीतिक प्रतिशोध | The Voice TV

Quote :

“जो हम खुशी से सीखते हैं उसे हम कभी नहीं भूलते।” — अल्फ्रेड मर्सिएर

National

अभिषेक बनर्जी के घर तड़के हुई पुलिस कार्रवाई पर भड़कीं सागरिका घोष, बोलीं- यह राजनीतिक प्रतिशोध

Date : 13-Jun-2026

 कोलकाता, 13 जून । पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर शनिवार तड़के हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे "राजनीतिक प्रतिशोध, डराने-धमकाने और मानसिक उत्पीड़न" की कार्रवाई करार दिया।

सागरिका घोष ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी बयान में दावा किया कि शनिवार तड़के लगभग 3 बजे पुलिस और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के जवान अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंचे। उनके अनुसार, सुबह लगभग 5 बजे ताले तोड़ने के लिए आपदा प्रबंधन दल को बुलाया गया और करीब 6:30 बजे तलाशी अभियान शुरू हुआ, जो लगभग 90 मिनट तक चला।

उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापक तलाशी अभियान के बावजूद जांच एजेंसियों को कुछ भी बरामद नहीं हुआ। सागरिका ने कहा कि तलाशी रिपोर्ट में भी किसी प्रकार के सबूत या अनियमितता का उल्लेख नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई केवल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने और उन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई।

तृणमूल सांसद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि जो विपक्षी नेता उसके दबाव के आगे झुकने से इनकार कर रहे हैं, उन्हें योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताते हुए इसकी आलोचना की।

जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी के आवास पर यह तलाशी अभियान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबनी थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में चलाया गया। पुलिस अभिषेक के कार्यकारी सहायक सुमित रॉय की तलाश कर रही थी, जो कथित रूप से फरार बताए जा रहे हैं। इस अभियान में पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस, कोलकाता पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

इसी बीच, विधानसभा से जुड़े कथित हस्ताक्षर विसंगति मामले की जांच भी तेज हो गई है। इस मामले में राज्य की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने अभिषेक बनर्जी को रविवार को पूछताछ के लिए भवानी भवन स्थित मुख्यालय में तलब किया है। इसी मामले में तृणमूल विधायक कुणाल घोष को भी समन भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार, जांच अधिकारी दोनों नेताओं से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि, विधानसभा में विपक्ष से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव में कुछ तृणमूल विधायकों के हस्ताक्षरों में कथित विसंगतियों के आरोपों की जांच सीआईडी कर रही है। इसी मामले में अभिषेक बनर्जी और कुणाल घोष को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement