नई दिल्ली, 13 जून । दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (सीओएल) के तहत स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल), डिपार्टमेंट ऑफ डिस्टेंस एंड कंटिन्यूइंग एजुकेशन (डीडीसीई) और ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर (ओएलडीसी) ने आठ विदेशी भाषाओं में एक साल के सर्टिफिकेट कोर्स और एक साल के डिप्लोमा कोर्स के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है।
सीओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि ये प्रोग्राम जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, इटैलियन, पुर्तगाली, चीनी, जापानी और कोरियाई भाषाओं में दिल्ली विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ जर्मनिक एंड रोमांस स्टडीज और डिपार्टमेंट ऑफ ईस्ट एशियन स्टडीज के सहयोग से पेश किए जा रहे हैं। बेहतर भाषा शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने के लिए ओएलडीसी जल्द ही इन प्रोग्राम को ऑनलाइन मोड में भी शुरू करेगा, जिससे देश भर के विद्यार्थी इनमें शामिल हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि अपने अंतरराष्ट्रीय भाषा प्रोग्राम के पोर्टफोलियो को और मजबूत करते हुए, ओएलडीसी दिल्ली विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ स्लावोनिक एंड फिनो-उग्रियन स्टडीज के सहयोग से रूसी भाषा में भी एक साल के सर्टिफिकेट और एक साल के डिप्लोमा कोर्स शुरू करने जा रहा है। रूसी भाषा का प्रोग्राम क्लासरूम और ऑनलाइन, दोनों मोड में पेश किया जाएगा।
प्रो. पायल मागो ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) और डिपार्टमेंट ऑफ डिस्टेंस एंड कंटिन्यूइंग एजुकेशन (डीडीसीई) द्वारा पेश किए जाने वाले प्रमुख प्रोग्रामों के लिए दाखिले 17 जून से शुरू होंगे।
उन्होंने प्रमुख प्रोग्राम की जानकारी देते हुए बताया कि मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए), मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन एडवरटाइजिंग एंड डिजिटल मीडिया लीडरशिप (पीजीडीएडीएलएम) है।
प्रो. पायल मागो ने कहा कि इन प्रोग्राम का मकसद फ्लेक्सिबल लर्निंग के जरिए बेहतर उच्च शिक्षा, प्रोफेशनल डेवलपमेंट और करियर में आगे बढ़ने के मौके देना है। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार योग्यता के नियमों, एडमिशन की प्रक्रिया, फीस स्ट्रक्चर और जरूरी तारीखों के बारे में पूरी जानकारी के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग के ऑफिशियल एडमिशन पोर्टल पर जा सकते हैं।
