राम नवमी को दोपहर 12 बजे रामलला का होगा जन्म | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

Travel & Culture

राम नवमी को दोपहर 12 बजे रामलला का होगा जन्म

Date : 02-Apr-2025

अयोध्या, 2 अप्रैल। राम जन्मभूमि में राम जन्मोत्सव श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट धूमधाम से मना रहा है। जन्मोत्सव पर प्रतिदिन श्री रामलला के सामने सायंकाल बधाई गायन प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा हो रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। राम नवमी के अवसर पर छह अप्रैल को रामलला का जन्म होगा।

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि चैत्र राम नवमी के अवसर पर आगामी छह अप्रैल को दोपहर ठीक 12 बजे रामलला का जन्म होगा। उसी समय से उनके कुल देवता सूर्य अपनी किरणों से अगले चार मिनट तक उनका अभिषेक करेंगे। सूर्य तिलक का सीधा लाइव प्रसारण होगा। राम नवमी को प्रातःकाल भगवान का अभिषेक प्रातः 9 बजकर 30 मिनट से एक घंटे तक किया जाएगा। अभिषेक करने के उपरांत भगवान का श्रृंगार होगा। उसके बाद भगवान को 56 भोग लगाया जाएगा। भगवान श्रीराम ने सूर्यवंश में जन्म लिया है। इसलिए सूर्य तिलक का कार्यक्रम हो रहा है।

मंदिर में प्रातः 8 बजकर 30 मिनट से श्रीराम चरित मानस और वाल्मीकि रामायण का राम नवमी तक नवान्ह पाठ किया जा रहा है। राम जन्मभूमि परिसर के अंगद टीला पर सायंकाल राम भक्तों को श्री राम कथा में भगवान राम की लीलाओं का व्याख्यान वृंदावन के चर्चित रामकथा वाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज के द्वारा सुनाया जा रहा है। हजारों की संख्या में राम भक्त राम मंदिर में दर्शन कर रहे हैं।

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मंगलवार को रामनवमी पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए वीडियो जारी कर राम भक्तों से सभी जानकारी साझा की हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement