ओडिशा में रेल दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर विश्व नेताओं के शोक संदेश आ रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरेस ने रेल दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है। श्री गुतेरेस ने एक बयान में कहा कि पीडितों के परिजनों और भारत सरकार तथा भारतीयों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि भारत में रेल दुर्घटना से वह दुखी हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका और भारत के परिवार आपस में बहुत गहरे जुडे हुए हैं और संस्कृति दोनों देशों को एक करती है। उन्होंने कहा कि पूरा अमरीका भारत के लोगों के साथ शोक संतप्त है। इसाई धर्म गुरू पोप फ्रांसिस ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों तथा घायलों के लिए प्रार्थना की है।
