योग महोत्सव के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 का 100 दिन का काउंटडाउन शुरू
नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 के 100 दिनों के काउंटडाउन की शुरुआत के तहत सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि योग के प्रचार और इसकी व्यापक स्वीकृति ने भारत को वैश्विक स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्र में एक सशक्त नेतृत्व के रूप में स्थापित किया है। इस मौके पर उन्होंने "वाई" ब्रेक योग पर एक मिनट का वीडियो भी लॉन्च किया।
इस अवसर पर उन्होंने कारपोरेट सेक्टर से अपील की कि सभी अपने ऑफिस परिसर में योग प्रकोष्ठ की स्थापना करें। इससे वहां काम करने वाले कर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा, यह समावेशी एवं व्यावहारिक विकास के लिए भारत की जी 20 प्राथमिकताओं पर भी फोकस है। यह दुनिया भर में मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में "वसुधैव कुटुम्बकम" के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
इस अवसर पर केंद्रीय उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास, पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि योग पर्यटन का एक महत्वपूर्ण घटक बन गया है। हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी योग को दुनिया भर के लोगों को एकजुट करने के लिए एक सांस्कृतिक राजदूत के रूप में देखते हैं। योग की बढ़ती लोकप्रियता के साथ पर्यटन मंत्रालय ने चिकित्सा और स्वास्थ्य पर्यटन शुरू किया है, जो अपने स्वास्थ्य और तंदुरूस्ती में सुधार के इच्छुक आगंतुकों के लिए विशेष योग और कल्याण कार्यक्रमों की पेशकश पर केंद्रित है।
केंद्रीय विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि योग हमारी जीवनशैली का एक अभिन्न अंग बन गया है। हमारे जीवन में तनाव को कम करने में योग का बहुत बड़ा योगदान है, इसका नियमित अभ्यास स्वस्थ और रोग मुक्त जीवन की ओर कदम है, जिससे हमारा शारीरिक और मानसिक कल्याण होता है।
तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डोनर) मंत्री जी. किशन रेड्डी, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, केंद्रीय विदेश व संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी व केंद्रीय राज्य मंत्री, आयुष और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय डॉ. मुंजपरा महेंद्रभाई, आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ,अधिकारियों आदि की भी उपस्थिति रही।
मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) के साथ आयुष मंत्रालय दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में 13 से 14 मार्च 2023 तक तीन दिवसीय योग महोत्सव और 15 मार्च, 2023 को एमडीएनआईवाई में पोस्ट महोत्सव योग कार्यशालाओं का आयोजन कर रहा है।
