स्मृति शेष: प्रमिला ताई मेढे | The Voice TV

Quote :

बड़ा बनना है तो दूसरों को उठाना सीखो, गिराना नहीं - अज्ञात

Editor's Choice

स्मृति शेष: प्रमिला ताई मेढे

Date : 01-Aug-2025

स्त्री ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। इसी ध्येय वाक्य के साथ देश में लगभग 90 वर्षों से कार्यरत राष्ट्र सेविका समिति भारत की स्त्रियों के विकास में जुटी है। प्रमिला ताई जी इस संगठन की चतुर्थ मूल स्तंभ थीं। राष्ट्र सेविका समिति की चतुर्थ प्रमुख संचालिका प्रमिला ताईजी मेढे का महाप्रयाण भारत की मातृशक्ति के सक्षम नेतृत्व और वर्तमान की अपूरनीय क्षति है। गुरुवार, 31 जुलाई को प्रातः 9.05 बजे नागपुर में देवी अहिल्या मंदिर में वृद्धावस्था के कारण ताईजी ने अंतिम सांस ली। ताईजी का 97 वर्ष का संपूर्ण जीवन राष्ट्र भक्ति, मातृशक्ति की तपस्विता, सक्रियता, धर्माभिमान एवं राष्ट्रनिष्ठा का जीता-जागता उदाहरण है, जिससे भावी पीढ़ी को सदैव सीखने को मिलता रहेगा।

प्रमिला ताईजी के जीवन और उनके कार्यों को कुछ शब्दों में समेटना संभव नहीं है। अत्यंत विषम परिस्थितियों में निरंतर साधक के रूप में अंतिम सांस तक वह राष्ट्र की मातृशक्ति के लिए संकल्प और साहसपूर्वक कार्य करती रहीं। राष्ट्र सेविका समिति की केंद्र कार्यालय प्रमुख, अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका, समिति की ओर से विश्व विभाग प्रमुख, सह प्रमुख संचालिका (2003- 2006) वंदनीय प्रमुख संचालिका (2006 से 2012) जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व प्रमिला ताईजी ने संभाले। पूरे भारत में उन्होंने कार्य किया ही, श्रीलंका, केन्या, यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका आदि देशों में भी उन्होंने कार्य करते हुए प्रवास किया। अमेरिका प्रवास में न्यू जर्सी के मानद नागरिकत्व से भी उन्हें सम्मानित किया गया। साल 2020 में एसएनडीटी विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें डिलीट पदवी प्रदान की गई थी।

यह भी उल्लेखनीय है कि वंदनीय मौसीजी की जन्मशताब्दी वर्ष के निमित्त (2003-2004) मौसीजी की चित्र प्रदर्शनी लेकर पूरे भारतवर्ष तथा नेपाल सहित 108 स्थानों पर लगभग 28,000 किलोमीटर का पूरा प्रवास उन्होंने कार से किया था। तब उनकी आयु 75 वर्ष हो चुकी थी। नौ गज की साड़ी पहनी हुई साक्षात मां भारती की प्रतिमूर्ति के रूप में ताईजी देश-विदेश में जब अंग्रेजी भाषा में प्रभुत्व से बात करतीं, भाषण देतीं तो लोग आश्चर्यचकित हो जाते। केन्या में सेविकाओं के लिए जो कार्यालय बना, उस "सरस्वती सदन" का उद्घाटन वंदनीय ताईजी आपटे के जन्मशताब्दी वर्ष में उनके हाथों हुआ था। सेवा इंटरनेशनल के केन्या के कार्यक्रम में उनका भाषण मन को छूनेवाला था। "वयं विश्वशान्त्यै चिरं यत्नशीलाः" नामक पुस्तक में उन्होंने अपने विश्व विभाग प्रवास के अनुभव लिखे हैं। अभी तक विदेश से आए हुए कार्यकर्ता उनको मिलने के लिए नागपुर आते रहते थे। किसी भी आयु के व्यक्ति के साथ उनकी मानसिकता मिलती ही थी। मुख्य रूप से युवा बहनों के साथ वह बहुत सम भाव से अपने भाव और उद्देश्य प्रेषित करती थीं।

संगठन में दक्ष, आज्ञा का सही अर्थ समझना है तो प्रमिला ताई जी के त्याग और तपस्वी जीवन को ठीक से देखना होगा। अपनी वेशभूषा, संवाद, लेखन, पठन, प्रतिक्रिया देना, भाषण देना, बैठक लेना आदि सभी में सदैव दक्ष थी। पिछले सप्ताह कारगिल विजय दिवस पर सोशल मीडिया में जो पोस्ट बनी उसमें सलाम शब्द लिखा था। उसे पढ़ कर सोशल मीडिया के ग्रुप में प्रमिला ताईजी का संदेश आया, सलाम के स्थान पर नमन लिखना चाहिए। स्वयं को मानसिक और व्यावहारिक रूप से अद्यतन रहने का आदर्श प्रमिला ताईजी सिखाती थीं। नागपुर ही नहीं, महाराष्ट्र, संपूर्ण भारत, विदेश सहित विभिन्न स्थानों की ताज़ा खबरें उन्हें ज्ञात होती थी। कहीं अन्याय हुआ, कहीं गलत दिखाई दिया या कुछ अच्छा हुआ तो तुरंत उनका फोन उस व्यक्ति, लेखक, संपादक या राजनेता को जाता ही था। सोशल मीडिया पर शीघ्र उत्तर देना हो, पत्र का तुरंत उत्तर देना- यह काम वह तत्परता से करती थीं। कभी तो स्टेटस देखकर भी कुछ संवाद करती थीं। उनके मस्तिष्क के सारे बिंदु हमेशा सतर्क भाव में रहते थे। इसलिए पिछले सप्ताह में हुई अखिल भारतीय बैठक में (बोलने की शक्ति न रहते हुए भी) उन्होंने ऑनलाइन आते हुए सभी सेविकाओं को सतर्क रहने का आशीर्वाद दिया था। उनके सर्वे भवन्तु सुखिनः, शुभाशीर्वाद, काम करते रहना, गलती न करना ऐसे सारे शब्द बैठक में उपस्थित सभी को अविरत चलने की प्रेरणा देकर गए।

उनके बौद्घिक उद्बोधन में मार्मिकता, गम्भीरता, गहराई, शब्दसंपदा, गागर में सागर, उदाहरण, श्लोक सबकुछ उसमें होता था। अनेक बार ताईजी इतनी सहजता और मेधावी विनोद करती कि वो समझने के लिए भी अपनी एकाग्रता हो तो ही समझ में आता था। उन्होंने अपने जीवन में सैंकड़ों पुस्तकें पढ़ीं। परीक्षण किया। अपने भाषणों में उदाहरण दिए। उनकी स्मरण शक्ति भी बड़ी तेज थी। उन्हें संस्कृत भाषा पर भी प्रभुत्व था। अनेक श्लोक कंठस्थ थे। बहुत ठंड हो, भारी वर्षा हो या गर्मी हो, उन्होंने काम करना कभी नहीं रोका। कुछ दिनों पूर्व तक प्रातः साढ़े पांच बजे स्नान करके तैयार होकर वे प्रातः स्मरण के लिए कार्यालय के सभागार में उपस्थित रहती थी। प्रातःस्मरण, सायं स्मरण, प्रार्थना, स्तोत्र में अगर अशुद्ध उच्चारण किया तो वे तुरंत रोकती और उसे सही करती। किसी सूचना पत्रक में, पत्र में, लेख में, पुस्तक में शुद्धलेखन करना है तो प्रमिला ताईजी को दिखाते थे। अतीव सूक्ष्म बातें उनके ध्यान में आती और वो उसे ठीक करती थी।

व्यवस्थितता उनके जीवन का अभिन्न गुण था। साड़ी पहनना, कपड़े बिना सल के सुखाना, कपड़े तह करना, डायरी में लिखना, अटैची जमाना, भोजन की थाली साफ करना, संपर्क में जाते समय तैयारी सबकुछ बहुत व्यवस्थित था। स्वच्छता भी उन्हें प्रिय थी। कार्यालय में जहां भी बैठती, वहां के स्वच्छता का ध्यान रखती। प्रमुख संचालिका के दायित्व से मुक्त होने के बाद भी उनका प्रवास, पढ़ना, तुरंत प्रतिक्रिया देना, सुख दुःख में मिलने जाना बंद नहीं हुआ। उनका देश के विभिन्न क्षेत्र के अनेक महानुभावों के साथ अच्छा सम्पर्क था। उनकी कुशाग्र बुद्धिमत्ता एवं अध्ययन का अनेक विद्वानों पर आज प्रभाव दिखाई देता है। महिला जगत का गहरा विचार ताईजी करती थी एवं कृति भी। आज जिस विमर्श की बात हम करते हैं, उसके बारे प्रमिला ताईजी का चिंतन बहुत व्यापक था। अच्छे पद की नौकरी छोड़कर, समयपूर्व स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति लेकर पूरा जीवन समाज कार्य के लिए देने का निर्णय लेकर प्रमिला ताईजी ने गृहस्थ कार्यकर्ता और प्रचारक जीवन के लिए बड़ा आदर्श प्रस्थापित किया। समय पालन, अनुशासन को लेकर उन्होंने कभी समझौता नहीं किया और अगर किसी ने ऐसा किया तो उन्हें बिल्कुल अच्छा नहीं लगता।

उनको अनेक गीत कंठस्थ थे। कार्यक्रम में गीत कंठस्थ ही गाने का उनका आग्रह था। जिस प्रांत में प्रवास में जाती थीं, उस भाषा के कुछ शब्द, वाक्य, गीत की पंक्तियां वो जरूर बोलतीं। प्रशिक्षण वर्गों में जब उनका प्रवास होता था तो शाखा में शारीरिक करते समय सेविकाओं की दृष्टि, पूरी शक्ति से प्रहार मारना, सम्यक् इन बातों पर उनका विशेष ध्यान रहता था। इतनी बड़ी आयु में रास्ते में चढ़ाव हो या ढलान हो किसी का हाथ पकड़े बिना वो चढ़ती और उतरती थी। प्रवास से आए कार्यकताओं से हमेशा पूछना कि कहां से आए हो? नया क्या पढ़ा? नया क्या लिखा? कुछ विशेष अनुभव आया तो संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से भेजने का उनका निर्देश बहुत आत्मीय भाव के साथ होता था।

ऐसी प्रतिमा ताई जी के लिए यह उक्ति उचित प्रतीत होती है:

"चले निरंतर चिंतन मंथन,

चले निरंतर अथक प्रयास,

भारत मां की सेवा में हो,

अपने जीवन का हर श्वास,

मन में परम विजय विश्वास!"

प्रमिला ताईजी के महाप्रयाण पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि !

(लेखिका - डॉ. अर्चना तिवारी, शिक्षाविद और राष्ट्र सेविका समिति से सम्बद्ध हैं।)

 

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement