जी-20 शिखर सम्मेलन : रात्रि भोज में प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति ने हाथ मिलाया | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

जी-20 शिखर सम्मेलन : रात्रि भोज में प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति ने हाथ मिलाया

Date : 16-Nov-2022

बाली, 16 नवंबर (हि.स.)। जी-20 शिखर सम्मेलन के रात्रि भोज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मंगलवार को हाथ मिलाया। गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच झड़प और सीमा गतिरोध को लेकर दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात है।

इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो ने जी-20 प्रतिनिधियों के लिए स्वागत रात्रिभोज दिया था। मीडिया के लिए उस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया जिसमें दोनों नेताओं को हाथ मिलाते देखा गया।

जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर दोनों नेताओं की संभावित द्विपक्षीय बैठक को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन दोनों पक्षों द्वारा साझा किए गए एजेंडा में ऐसी किसी बैठक का उल्लेख नहीं है।

गलवान घाटी में दोनों देशों के बीच जून 2020 में हुए संघर्ष में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। उसके बाद दोनों नेताओं की आमने-सामने की कोई बैठक नहीं हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी सितंबर में समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में आमने-सामने आए थे।

समझा जाता है कि वहां उनकी कोई अलग बैठक नहीं हुई थी। बाली में, रात्रिभोज के अंत में दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया।

रात्रि भोज कुछ हद तक अनौपचारिक माहौल में गरुड़ विष्णु केंकाना सांस्कृतिक पार्क में आयोजित किया गया था। इस दौरान नृत्य प्रस्तुतियां भी की गईं।

शी ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। मोदी यहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के निमंत्रण पर जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ अजीत तिवारी 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement