नेपाल में बस हादसा, 18 यात्रियों की मौत, इनमें न्यूजीलैंड की महिला और पुरुष भी शामिल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

नेपाल में बस हादसा, 18 यात्रियों की मौत, इनमें न्यूजीलैंड की महिला और पुरुष भी शामिल

Date : 23-Feb-2026

 काठमांडू, 23 फरवरी । पोखरा से काठमांडू आ रही एक यात्री बस के त्रिशूली नदी में गिरने से छह महिलाओं और 12 पुरुषों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में घायल 27 लोगों को बचाकर विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है। मृतकों में विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। मृतकों में एक महिला तथा एक पुरुष न्यूजीलैंड के रहने वाले बताए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पृथ्वी राजमार्ग के अंतर्गत पोखरा से काठमांडू की ओर आ रही बस ( नंबर-ग 1 ख 1421 नंबर) रात करीब एक बजे धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांग गांवपालिका स्थित भैंसेगौडा क्षेत्र से त्रिशूली नदी किनारे जा गिरी। बस सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल से नाव की मदद से यात्रियों को करीब एक किलोमीटर नीचे तक लाया गया, वहां से उन्हें ऊपर लाकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

रात का समय, दुर्गम स्थान और राहत सामग्री की कमी के कारण बचाव कार्य में कठिनाई हुई। धादिंग के प्रमुख जिला अधिकारी विजय राज सुवेदी ने फोन पर बताया, “टॉर्च की रोशनी में घायलों की मदद की गई। हमें राहत सामग्री की कमी महसूस हुई।” सुवेदी के अनुसार घटनास्थल से 8 महिलाएं, 17 पुरुष और एक बालिका सहित कुल 27 लोगों को बचाकर विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है, जबकि 6 महिलाओं और 12 पुरुषों की मृत्यु हो गई है।

सेना, सशस्त्र प्रहरी बल और नेपाल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। सशस्त्र प्रहरी बल के विपद प्रबंधन बेस आदमघाट से डीएसपी सुनील गिरी के नेतृत्व में एक टीम तथा विपद प्रबंधन प्रशिक्षण शिक्षालय कुरिनटार से गोताखोरों की टीम भी राहत और बचाव कार्य में तैनात है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement