प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बीच सार्वजनिक बहस कराने का नेपाली कांग्रेस का प्रस्ताव | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बीच सार्वजनिक बहस कराने का नेपाली कांग्रेस का प्रस्ताव

Date : 28-Feb-2026

 काठमांडू, 28 फ़रवरी । नेपाल में आम चुनावों से पहले नेपाली कांग्रेस ने नयी सरकार में पार्टी के प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों के बीच सार्वजनिक बहस आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है।

पार्टी ने सुझाव दिया है कि नेपाली कांग्रेस में प्रधानमंत्री बनने के दावेदार नेता 2 मार्च को काठमांडू स्थित खुलामंच में होली पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खुली बहस में भाग लें। साथ ही, सभी दल मिलकर होली मनाएं और आगामी पांच वर्ष के संसदीय कार्यकाल की कार्यसूची पर विस्तार से चर्चा करें।

यह प्रस्ताव नेपाली कांग्रेस के उपसभापति विश्वप्रकाश शर्मा ने शनिवार को कास्की जिले के पोखरा में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए रखा।

शर्मा ने कहा, “2 मार्च को होली है। उस दिन आइए, प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों के बीच खुलामंच में सार्वजनिक बहस करें। मिलकर होली मनाएं। यह नेपाली कांग्रेस का प्रस्ताव है। क्या अन्य दल इसके लिए तैयार हैं?”

अपने संबोधन में शर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी देश में परिवर्तन लाना चाहती है और चुनाव में प्रतिस्पर्धा कर रहे किसी भी राजनीतिक दल को दुश्मन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव के बाद सरकार और विपक्ष में दलों को साथ काम करना ही होगा, इसलिए चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें एक-दूसरे के प्रति शत्रुतापूर्ण व्यवहार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दे चुनावी बहस के प्रमुख विषय बनने चाहिए।

उन्होंने कहा “हम देश को बदलना चाहते हैं, इसलिए पहले राजनीति को बदलना होगा। नेपाली कांग्रेस ने राजनीति की शैली और संस्कृति बदलने का संकल्प लिया है। इस चुनावी मैदान में हमारा कोई दुश्मन नहीं है। आज जो दल प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, वे कल सरकार और विपक्ष में मिलकर काम करेंगे। इसलिए पार्टी मंचों से अपमान नहीं, प्रेम और सौहार्द का संदेश फैलाएं। चुनावी मैदान शत्रुता का अखाड़ा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भव्य मंच है।”

शर्मा ने यह भी कहा कि चुनावी मंच का उपयोग हिंसा भड़काने या तनाव उत्पन्न करने के अवसर के रूप में नहीं किया जाना चाहिए।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement