पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आज 14 उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है। हालांकि, शारजाह से दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें निर्धारित हैं। एयर इंडिया ने एक बयान में बताया कि रस अल खैमाह से कोझिकोड और कोच्चि के लिए दो उड़ानें संचालित होंगी।
एयरलाइन ने कहा कि ये उड़ानें स्लॉट की उपलब्धता और संचालन के समय की परिस्थितियों के आधार पर संचालित की जाएंगी। उसने आगे कहा कि यूएई हवाई अड्डा प्राधिकरण के निर्देशों के बाद क्षेत्र में आकस्मिक उड़ानों को कम कर दिया गया है। उड़ान संचालक ने यह भी कहा कि रद्द या अस्थायी रूप से निलंबित सेवाओं के यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के भविष्य की तिथि के लिए पुनः बुकिंग कर सकते हैं या पूर्ण धनवापसी का विकल्प चुन सकते हैं।
दूसरी ओर, इंडिगो ने सूचित किया है कि दुबई में उनकी उड़ान सेवाएं प्रतिबंधित कर दी गई हैं, जिसके कारण उड़ान समय सारिणी में बदलाव हुए हैं। एयरलाइन ने दुबई आने-जाने वाले यात्रियों से हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने का अनुरोध किया है।
